सूरत : गुजरात राज्य सीनियर महिला वॉलीबॉल टूर्नामेंट का सी. आर. पाटिल ने किया भव्य उद्घाटन
महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा और योगदान को सराहा, राज्यभर की टीमों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
गुजरात राज्य सीनियर महिला वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन समारोह 3 मई, 2025 को जल संसाधन मंत्रालय के मंत्री सी. आर. पाटिल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन रामकृष्ण ह्यूमन वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें गुजरात राज्य वॉलीबॉल एसोसिएशन और सूरत जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन का सहयोग रहा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सी. आर. पाटिल ने राज्य में महिला खिलाड़ियों के लिए बढ़ते अवसरों की सराहना की और खेल जगत में महिलाओं की भूमिका को एक प्रेरणादायक शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि सामाजिक बदलाव और महिला सशक्तिकरण का भी मजबूत जरिया है।
इस टूर्नामेंट में गुजरात के विभिन्न जिलों की शीर्ष महिला वॉलीबॉल टीमों ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। दर्शकों को रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों के माध्यम से महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा से रूबरू होने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में रामकृष्ण ह्यूमन वेलफेयर सोसायटी के प्रमुख रणजीत चौधरी, सूरत के कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, कोच और मीडिया से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने खेल प्रेमियों और आम जनता को यह संदेश दिया कि महिलाओं की भागीदारी अब हर क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभा रही है।