राजकोट गेम जोन हादसा : संचालक, मैनेजर समेत 4 लोग गिरफ्तार

सरकार ने 4 लाख सहायता की घोषणा की, घायलों को 50 हजार

राजकोट गेम जोन हादसा : संचालक, मैनेजर समेत 4 लोग गिरफ्तार

राजकोट शहर के कालावड रोड पर टीआरपी गेमजोन में भीषण आग में मरने वालों की संख्या दो दर्जन हो गई है। इसमें 9 बच्चों का समावेश है। गेम जोन में अभी कई लोगों के फंसे होने का अनुमान है। 5 वर्ष पूर्व सूरत में तक्षशिला आग हादसे यह बड़ा हादसा है। घटनास्थल पर कलक्टर आनंद पटेल और पुलिस आयुक्त राजू भार्गव मौजूद है। अभी तक 24 शव हॉस्पिटल पहुंच चुके हैं। पुलिस ने मामले में गेम जोन के संचालक, मैनेजर समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की है। 

फायर ब्रिगेड के अधिकारी के अनुसार सयाजी के पीछे टीआरपी मॉल के अंदर शनिवार शाम आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर रवाना कर दी गई। अंदर तेजी से जलने वाली वस्तुओं के होने की वजह से आग तेजी से फैलते चली गई। आग इतनी भीषण थी कि करीब 5 किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा था। आग में कई लोगों के फंसे होने की जानकारी पर मौके पर एम्बुलेंस भी तैनात किए गए । आग के विकराल रूप को देखते हुए फायर कॉल घोषित किया गया। 15 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग बुझाने में सफलता मिली है, लेकिन टीन के शेड होने की वजह से फायर ब्रिगेड के जवानों को अंदर जाने में मुश्किल हो रही थी। देर शाम एक के बाद शव निकलते चले गए। 24 शवों को मलबे से निकाला जा चुका है। जबकि अभी कई अन्य लोगों के फंसे होने की जानकारी है। 

प्रधानमंत्री ने दुख जताया

घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा है। उन्होंने कहा कि राजकोट में आग लगने की घटना से बेहद व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।

बगैर एनओसी चल रहा था गेम जोन

दूसरी ओर राजकोट टीआरपी गेमजोन में भीषण आग के पीछे कई चौंकाने  वाले खुलासे भी हो रहे हैं। राजकोट जैसे बड़े शहर में लंबे समय से चल रहे गेम जोन में फायर एनओसी नहीं होने की जानकारी समाने आई है। राजकोट महानगर पालिका के स्थाई समिति के अध्यक्ष जयमीन ठाकर ने इस बात को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार और महानगर पालिका दोषियों को कतई नहीं छोड़ेगी। महापौर ने कहा कि जवाबदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे लेकर सरकार पर प्रहार किया है।

Tags: Rajkot