सूरत : डोनेट लाइफ संस्था के सहयोग से हाथ प्राप्त करने वालों ने किया मतदान

राष्ट्रहित को साकार करने हेतु हाथ बने बेमिसाल : निलेश मांडलेवाला

सूरत : डोनेट लाइफ संस्था के सहयोग से हाथ प्राप्त करने वालों ने किया मतदान

यह पहली बार हुआ है कि अंगदान से हाथ प्राप्त करने वाले पुरुष और महिला ने लोकसभा 2024 के चुनाव में मतदान किया हो।

डोनेट लाईफ संस्था के संस्थापक निलेश मांडलेवाला ने जानकारी देते हुए कहा कि सूरत के 14 वर्षीय धार्मिक काकड़िया को अक्टूबर 2021 और 67 वर्षीय कनुभाई पटेल को जनवरी 2022 को ब्रेनडेड घोषित किए जाने के बाद, डोनेट लाइफ संस्था के सहयोग से परिजनों ने अन्य अंगों के साथ हाथों का दान किया।

इन हाथों का प्रत्यारोपण पुणे निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति और औरंगाबाद की 35 वर्षीय महिला में किया गया था। 13 मई 2024 को पुणे और औरंगाबाद में लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में दोनों हाथ प्राप्तकर्ताओं ने प्रत्यारोपित हाथों द्वारा पहली बार अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर मतदान किया।

डोनेट लाइफ परिवार उन्हें भविष्य में इसी तरह आगे बढ़ने के लिए अनेक शुभकामनाएं देता है और कामना करता है कि वे अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करते रहेंगे।