जनमानस को निरोगी बनाने में आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों की अहम भूमिका

प्रतिपादित नियमों के अनुसरण से जीवनशैली में परिवर्तनों के द्वारा जनमानस को निरोगी बनाया जा सकता है

जनमानस को निरोगी बनाने में आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों की अहम भूमिका

झांसी,15 अप्रैल(हि. स.)। भारतीय चिकित्सा पद्धति एक ऐसी चिकित्सा पद्धित है जिससे न केवल रोगों का उपचार संभव है बल्कि इन्हें अपनाने से निरोगी होने का मार्ग भी प्रशस्त होता है। भारतीय चिकित्सा पद्धति जिसमें आयुर्वेद, यूनानी, योग आदि चिकित्सा पद्धतियां शामिल है। प्रतिपादित नियमों के अनुसरण से जीवनशैली में परिवर्तनों के द्वारा जनमानस को निरोगी बनाया जा सकता है। उक्त बात मण्डलायुक्त विमल कुमार दुबे राष्ट्रीय आयुष मिशन उ.प्र. के अन्तर्गत कैस्केडिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कहीं।

मण्डलायुक्त ने कहा कि भारतीय चिकित्सा पद्धति का व्यापक प्रचार-प्रसार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किये जाने से नागरिकों में स्वस्थ जीवन प्रणाली विकसित होगी। आधुनिक जीवन शैली के दुष्परिणाम के रूप में अनेक संचारी व गैर संचारी बीमारियां बढ़ी हैं जिससे मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बोझ भी बढ़ा है। आम-जनमानस द्वारा भारतीय चिकित्सा पद्धितियों के सूत्रों को अपनाने से उच्च चिकित्सा संस्थानों में मरीजों का बढ़ता दबाव बहुत हद तक कम हो सकेगा। प्राचीन भारत में इन पद्धितियों को रोगों के उपचार और स्वस्थ जीवन शैली व्यतीत करने का सर्वोत्तम तरीका माना जाता था। इसे अपनाकर हर नागरिक न केवल रोगों से दूर रह सकता हैं, बल्कि एक स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का आनन्द भी ले सकता है।

मण्डल के तीनों जनपदों के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों (सामुदायिक स्वास्थ्य) को राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जन स्वास्थ्य, संचारी, गैर-संचारी रोगों के बचाव, उपचार एवं पुर्नवास के संबंध में दो दिवसीय प्रशिक्षण श्री ट्रान इण्डिया के सहयोग से दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों को बीमारियों के रोकथाम में आयुर्वेद की भूमिका के बारे में जानकारी दी जायेगी।

मण्डलायुक्त ने चिकित्साधिकारियों का उत्साह बढ़ाते हुए यह कहा कि यदि हम प्रतिदिन अपने कार्य क्षेत्र में ग्राम स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वस्थ जीवन प्रणाली की ओर प्रोत्साहित करें तो आपकी सामाजिक उपयोगिता बढ़ेगी और आत्मसम्मान में भी वृद्धि होगी।

इस दौरान अपर निदेशक स्वास्थ्य डा.सुमन, सी.एम.ओ. डा.सुधाकर पाण्डेय, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी, ए.सी.एम.ओ. डा. एन.के. जैन, एन.एच.एम. के मण्डलीय परियोजना प्रबंधक आनन्द चौबे, डा.अजय भाले, डा. रमाकान्त आदि उपस्थित रहे। डा.सतीश चन्द्रा ने प्रशिक्षण दिया एवं डा. विजय श्री शुक्ला ने संचालन किया। प्रशिक्षण में झाँसी, जालौन एवं ललितपुर जनपद के लगभग 50 एम.ओ.सी.एच. ने भाग लिया।


Tags: Feature