भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पाटिल के नामांकन में उमड़ेगा सैलाब: संगीता

नामांकन रैली में 20 हजार महिलाएं साड़ी और केसरिया साफा बांधकर होंगी शामिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पाटिल के नामांकन में उमड़ेगा सैलाब: संगीता

18 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

सूरत, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सभी हॉट सीटों पर पूरी तैयारी के साथ अपने उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल कराएगी। पार्टी ने इसके लिए व्यापक तैयारी की हैं। इस तैयारी में उम्मीदवारों का शक्ति प्रदर्शन भी होगा, जिससे विरोध दलों के मनोबल पर खास असर हो।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नवसारी लोकसभा सीट से पार्टी के लगातार चौथी बार उम्मीदवार सीआर पाटिल आगामी 18 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन करने के दिन 20 हजार महिलाएं परंपरागत साड़ी के साथ केसरिया साफा बांधे नजर आएंगी। रैली की शक्ल में सभी नवसारी कलक्टर कार्यालय पहुंचेंगे जहां पाटिल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। लिंबायत विधानसभा सीट से भाजपा विधायक संगीता पाटिल ने बताया कि लिंबायत विधानसभा के पार्टी कार्यकर्ता समेत सोसाइटियों के प्रमुख उनसे लगातार सम्पर्क कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे सभी तैयार हैं और नामांकन में आना चाहते हैं। प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन को लेकर सभी लोग बहुत उत्साहित हैं।

संगीता पाटिल ने बताया कि 18 अप्रैल को प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल नवसारी लोकसभा सीट के लिए भाजपा की ओर से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसमें लिंबायत विधानसभा क्षेत्र की करीब 20 हजार महिलाएं भी शामिल होंगी, जो कि परंपरागत साड़ी पहनकर और सिर पर केसरिया साफा बांधे रैली में शामिल होंगी। लिंबायत क्षेत्र में देश के अलग-अलग राज्यों की महिलाएं रहतीं हैं, वे सभी अपने-अपने राज्य के अनुसार परंपरागत साड़ी पहनकर आएंगी। लोकसभा चुनाव के लिए गुजरात में 12 अप्रेल को अधिसूचना जारी होगी, इसके बाद राज्य की सभी 26 सीटों के लिए नामांकन पत्र भरना शुरू हो जाएगा। राज्य में 7 मई को तीसरे चरण में मतदान होना है।

Tags: Surat