राकांपा नेता एकनाथ खडसे की जल्द होगी घर वापसी, भाजपा हाईकमान से बुलावे का इन्तजार

अब केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद तय तारीख को दिल्ली जाकर भाजपा में शामिल हो जाऊंगा

राकांपा नेता एकनाथ खडसे की जल्द होगी घर वापसी, भाजपा हाईकमान से बुलावे का इन्तजार

मुंबई, 07 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के नेता एकनाथ खडसे बहुत जल्द भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वे पुराने कार्यकर्ताओं के आग्रह की वजह से भाजपा में आ रहे हैं।

एकनाथ खडसे ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि भाजपा में शामिल होने के बारे में पिछले चार-छह महीने से चर्चा चल रही थी लेकिन मैं अपनी राजनीतिक स्थिति के मुताबिक फैसला नहीं कर सका। अब केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद तय तारीख को दिल्ली जाकर भाजपा में शामिल हो जाऊंगा।

एकनाथ खडसे 30 साल से अधिक समय तक भारतीय जनता पार्टी में रहने के बाद 23 अक्टूबर, 2020 को राकांपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने आंतरिक विवाद, भोसरी प्लॉट घोटाला, देवेंद्र फडऩवीस के साथ मतभेद जैसे कई मुद्दों के कारण पार्टी छोड़ दी थी। 2020 में राकांपा में शामिल होने के बाद उन्हें तुरंत नेता नियुक्त कर दिया गया था लेकिन शिवसेना और राकांपा में बगावत होने के बाद एकनाथ खडसे खुद को असहज महसूस कर रहे थे।

एकनाथ खडसे ने हाल ही में दिल्ली जाकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद एकनाथ खडसे ने बताया कि जैसे ही हाईकमान से उन्हें बुलाया जाएगा वे दिल्ली में जाकर भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि खडसे पुराने भाजपाई हैं। अगर वे पार्टी में आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा।

Tags: Mumbai