शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,097 अंक लुढ़का

शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,097 अंक लुढ़का

मुंबई, 06 मार्च (वेब वार्ता)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखी गई और बीएसई का सेंसेक्स 1,097 अंक (1.37 प्रतिशत) टूटकर 10 महीने से ज्यादा के निचले स्तर 78,918.90 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 315.45 अंक यानी 1.27 प्रतिशत गिरकर 24,450.45 अंक पर आ गया जो इसका छह महीने से अधिक का निचला स्तर है। लगातार पांच कारोबारी दिवस में यह शेयर बाजार में चौथी बड़ी गिरावट है।

गुरुवार को बाजार में तेजी रही थी। मझौली और छोटी कंपनियों पर आज दबाव कम रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.86 प्रतिशत गिर गया। स्मॉलकैप-100 सूचकांक में भी 0.24 प्रतिशत की गिरावट रही।

बाजार में उथल-पुथल को नापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 11 से ऊपर रहा जो दिखता है कि बाजार में अनिश्चितता बढ़ी हुई है। आईटी और रसायन को छोड़कर अन्य सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग और रियलटी सेक्टरों में दो प्रतिशत से ज्यादा गिरावट रही।

ऑटो, मीडिया और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टरों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सवा तीन फीसदी से अधिक टूटे। एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी और इंडिगो के शेयर दो से तीन प्रतिशत के बीच टूटे।

मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील और टीसीएस के शेयरों में एक से दो प्रतिशत की गिरावट रही। टाइटन, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयर भी नीचे बंद हुए।

बीईएल में करीब दो प्रतिशत की तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर एक प्रतिशत से अधिक चढ़ा। सनफार्मा और एनटीपीसी के शेयर भी बढ़त में रहे।