सूरत : डुप्लीकेट मार्कशीट घोटाला का खुलासा, दो आरोपी विदेश भागे

उत्राण पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, आगे की जांच जारी

सूरत : डुप्लीकेट मार्कशीट घोटाला का खुलासा,  दो आरोपी विदेश भागे

सूरत में डुप्लीकेट वस्तुओं के घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खाने-पीने की वस्तुओं के बाद अब यूनिवर्सिटी और बोर्ड की डुप्लीकेट मार्कशीट का भी भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में दो आरोपी मार्कशीट के साथ यूके और कनाडा भागने में सफल रहे हैं। उत्राण पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।

यह फर्जी मार्कशीट घोटाला मोटा वराछा और सरथाणा जकातनाका इलाके में चल रहा था। उत्राण डी मार्ट रोड पर ग्रीन प्लाजा में तेजानी टूरिज्म कार्यालय में फर्जी मार्कशीट का गोरखधंधा चल रहा था। पुलिस की जांच में अब तक यह बात सामने आ चुकी है कि सैकड़ों लोगों को फर्जी मार्कशीट दी गई है।

उत्राण पुलिस ने नीलकंठ देवानी, विशाल तेजानी, संजय गेलानी, बोनी ताला, वैभव ताला और ध्रुविन कोठिया के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। इनमें नीलकंठ और बोनी ताला दोनों के विदेश में होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने तीन आरोपियों - विशाल तेजानी, संजय गेलानी और वैभव ताला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी प्रति मार्कशीट 1,00,000 से 1,30,000 रुपये तक वसूल रहे थे। गुजरात और महाराष्ट्र बोर्ड की डुप्लीकेट फर्जी मार्कशीट बनाई जा रही थीं। कक्षा 10 और 12 बोर्ड की फर्जी मार्कशीट बनाई गईं।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Tags: Surat