राजकोट : गोंडल गुरुकुल में नाश्ते के बाद फूड प्वॉइजनिंग से 60 लोग बीमार

बीमार लोगों में गुरुकुल के 30 विद्यार्थी भी शामिल, राजकोट से नर्सिंग व डॉक्टरों की टीम गोंडल रवाना

राजकोट : गोंडल गुरुकुल में नाश्ते के बाद फूड प्वॉइजनिंग से 60 लोग बीमार

राजकोट, 20 मार्च (हि.स.)। गोंडल के बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में नाश्ता करने के बाद 60 लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। इनमें 30 विद्यार्थियों को गुरुकुल में और 30 प्रवासियों को वीरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजकोट से डॉक्टरों की एक टीम गोंडल रवाना हो गई है।

जानकारी के अनुसार आणंद, नडियाद और गांधीनगर से 30 प्रवासी घूमने गए थे। इन सभी ने मंगलवार रात्रि गोंडल के बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में भोजन किया था। इसके बाद बुधवार सुबह भी सभी ने यही नाश्ता भी किया और गोंडल से सभी कागवड खोडलधाम की ओर रवाना हो गए। रास्ते में इन प्रवासियों की तबियत बिगड़ने लगी। उल्टी और बुखार की शिकायत पर उन्हें वीरपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

बताया गया कि गोंडल गुरुकुल में पढ़ाई कर रहे कई विद्यार्थी को भी फूड प्वॉइजनिंग हो गई। इन सभी का गुरुकुल परिसर में ही इलाज किया जा रहा है। गुरुकुल में स्वास्थ्य विभाग की टीम, सिविल हॉस्पिटल के स्टाफ, श्रीराम हॉस्पिटल स्टाफ, निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर तैनात पहुंच गए हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रांत अधिकारी व तहसीलदार आदि भी मौके पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही राजकोट सिविल हॉस्पिटल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सिविल हॉस्पिटल में 40 बेड का विशेष वार्ड स्टैंडबाइ रखा गया है। इसी बीच प्रशासन ने राजकोट से 21 नर्सिंग स्टाफ सहित डॉक्टरों की एक टीम को गोंडल भेजा गया है।

Tags: Rajkot