सौराष्ट्र-कच्छ में 12 उम्मीदवार करोड़पति, रूपाला के पास 18.54 करोड़ की सम्पत्ति

केन्द्रीय मंत्री मांडविया के पास 5.96 करोड़, माडम 64.32 करोड़ की सम्पत्ति के साथ सबसे धनी

सौराष्ट्र-कच्छ में 12 उम्मीदवार करोड़पति, रूपाला के पास 18.54 करोड़ की सम्पत्ति

राजकोट, 20 अप्रैल (हि.स.)। सौराष्ट्र-कच्छ की कुल 8 लोकसभा सीटों पर इस बार कांग्रेस और भाजपा ही मुख्य राजनीतिक दल है। हालांकि समझौते के तहत एक सीट भावनगर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के लिए छोड़ी है। कांग्रेस-आआपा और भाजपा के कुल 16 उम्मीदवारों में से 12 करोड़पति हैं। वहीं, 9 ऐसे भी उम्मीदवार हैं जो कर्जदार हैं लेकिन चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।

सौराष्ट्र-कच्छ की 8 सीटों के लिए 19 अप्रैल को नामांकन भरने के अंतिम दिन बाकी रहे उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सौराष्ट्र-कच्छ के भाजपा-कांग्रेस-आआपा के कुल 16 उम्मीदवारों में से 12 करोड़पति है। वहीं 9 उम्मीदवार कर्जदार हैं। सबसे अधिक धन-सम्पत्ति भाजपा उम्मीदवार पूनम माडम के पास करीब 64.34 करोड़ रुपये की चल-अचल सम्पत्ति घोषित की गई है। वहीं सबसे कम सम्पत्ति कच्छ के सबसे कम उम्र के उम्मीदवार नितेश लालन के पास महज 12.02 लाख रुपये है। भाजपा के 2 और कांग्रेस के 1 मिलाकर कुल 3 महिला उम्मीदवारों की सम्पत्ति 1 करोड़ से अधिक घोषित की गई है। 16 उम्मीदवारों में से राजकोट, जूनागढ़, पोरबंदर के दोनों मुख्य दलों के उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस के 4 और भाजपा के 3 उम्मीदवार शेयर बाजार में पूंजी निवेश करते हैं।

पूनम माडम सबसे धनी उम्मीदवार

राजकोट से भाजपा उम्मीदवार परषोत्तम रूपाला के पास 18.54 करोड़ रुपये की सम्पत्ति है। इसके अलावा राजकोट से ही कांग्रेस के उम्मीदवार परेश धानाणी के पास 1.66 करोड़, जामनगर की भाजपा उम्मीदवार पूनम माडम के पास 64.32 करोड़, जामनगर के कांग्रेस उम्मीवार जयंती पी मारविया के पास 99.09 लाख, अमरेली के भाजपा उम्मीदवार भरत सुतरिया के पास 83.78 लाख, अमरेली के कांग्रेस उम्मीदवार जेनीबेन ठुमर 8.47 लाख, जूनागढ़ के भाजपा उम्मीदवार राजेश चुडास्मा 2.99 करोड़, जूनागढ़ के कांग्रेस उम्मीदवार हीराभाई जोटवा के पास 6.65 करोड़, पोरबंदर से भाजपा उम्मीदवार केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के पास 5.96 करोड़, पोरबंदर से कांग्रेस उम्मीदवार ललित वसोया के पास 2.42 करोड़, सुरेन्द्रनगर से भाजपा उम्मीदवार चंदुलाल शिहोरा के पास 53.84 लाख, सुरेन्द्रनगर से कांग्रेस उम्मीदवार ऋत्विक मकवाणा के पास 1.08 करोड़, भावनगर से भाजपा उम्मीदवार नीमूबेन बांभणिया के पास 2.89 करोड़, भावनगर से आआपा उम्मीदवार उमेश मकवाणा के पास 67.97 लाख, कच्छ से भाजपा उम्मीदवार विनोद चावडा के पास 6.30 करोड़, और कच्छ से कांग्रेस उम्मीदवार नितेश लालण के पास 12.02 लाख की चल-अचल सम्पत्ति होने की जानकारी शपथ पत्र में दी गई है।

Tags: