विवादित धार्मिक टिप्पणी पर हंगामे के बाद केजरीवाल सरकार के मंत्री राजेन्द्र गौतम का इस्तीफा, जानें क्या कहा

विवादित धार्मिक टिप्पणी पर हंगामे के बाद केजरीवाल सरकार के मंत्री राजेन्द्र गौतम का इस्तीफा, जानें क्या कहा

दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने ने हाल ही में हिंदु देवी-देवताओं के ‌खिलाफ कथित रूप से विवादित टिप्पणी की थी, जिसको लेकर हंगामा हो गया था। इसी परिप्रेक्ष्य में गौतम ने ट्वीट करके अपना त्यागपत्र भी संलग्न किया और कहा कि आज महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकटोत्सव दिवस है और दूसरी ओर मान्यवर कांशीराम साहेब की पुण्यतिथि भी है। ऐसे संयोग में आज मैं कई बंधनों से मुक्त हुआ और आज मेरा नया जन्म हुआ है। अब मैं और मजबूती से समाज पर होने वाले अत्याचारों व अधिकारों की लड़ाई को बिना किसी बंधन के जारी रखूंगा।



बता दें कि राजेन्द्र पाल गौतम ने बौद्ध धर्म के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था जहां उन्होंने वहां उपस्थित लोगों को 22 प्रतिज्ञाएं दिलाई थीं। इसी को लेकर बाद में हंगामा हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कथित रूप से राजेन्द्र गौतम से नाराज भी बताए गये हैं। उधर भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। 


गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस मुद्दे पर काफी चर्चा हो रही है। जानकारों का मानना है कि इस भाजपा ने  स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को भुनाने में कोई कसर नहीं रख छोड़ी है। आने वाले चुनाव में क्या आप को इससे कोई नुकसान होगा, यह देखना होगा। हालांकि इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए गौतम ने उन पर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने वही प्रतिज्ञाएं कार्यक्रम में मौजूद लोगों को दिलाई थी जिनका जिक्र बाबा साहेब आंबेडकर ने 1956 में बौद्ध धर्म अंगिकार करते समय किया था। उनके द्वारा दिलाई गई शपथ, उनकी नहीं अपितु बाबा साहेब द्वारा ली गई प्रतिज्ञाएं हैं।