गुजरात में आप का चुनावी बिगुल बजा, शुुरू की परिवर्तन यात्रा

गुजरात में आप का चुनावी बिगुल बजा, शुुरू की परिवर्तन यात्रा

प्रदेश के ६ अलग-अलग स्थानों से निकली यात्रा उद्देश्य जन-जन तक पहुंचना

गुजरात विधानसभा के चुनाव की तिथि तो अभी घोषित नहीं हुई है लेकिन राजनीतिक दल कोई कसर छोड़ना नहीं चाह रहे और उन्होंने प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं के सम्मेलन के बहाने सभाएं भी होने लगी है। आरोप और प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।
इसी क्रम में पहली बार गुजरात में पूरी ताकत के साथ विधानसभा चुनाव में उतरने वाली आम आदमी पार्टी ने रविवार से बाकायदा अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। समग्र प्रदेश में लोगों तक पहुंचने के लिए आप की ओर से सभी 182 सीटों पर परिवर्तन यात्रा शुरू हुई है। प्रदेश के छह अलग-अलग स्थानों से शुरू की गई पार्टी की इस परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य राज्य के सुदूर रहने वाले नागरिक तक पहुंचना और प्रत्येक नागरिक के प्रश्नों को बुलंद करना है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से शुरु हुई परिवर्तन यात्रा को अलग-अलग नेताओं ने रवाना किया।
गुजरात के द्वारका से आप नेता इसुदान गढ़वी ने परिवर्तन यात्रा रवाना करवाई।
सोमनाथ से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने सुबह 8:00 बजे भगवान महादेव के दर्शन करके यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उधर द्वारका से आप नेता यीशुदान गढवी ने यात्रा प्रारंभ करवाई। सिद्धपुर से आप के प्रदेश उपाध्यक्ष भेमाभाई चौधरी ने यात्रा रवाना की। उमरगांव से आप के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन राठवा और प्रदेश में आपके सहयोगी दल बीटीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक महेश भाई वसावा ने यात्रा रवाना की। अबडासा से आप किसान संगठन अध्यक्ष राजू करपड़ा ने यात्रा का प्रारंभ करवाया है। दांडी से आप के प्रदेश संगठन मंत्री मनोज सोरठिया ने यात्रा रवाना की। पार्टी नेताओं का का कहना है कि गुजरात में भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने सही मायनों में सुशासन की स्थापना करने और राज्य के युवाओं को रोजगार के उत्तम अवसर प्रदान करने के लिए आम आदमी पार्टी इस परिवर्तन यात्रा के माध्यम से जन जन तक सकारात्मक संदेश पहुंचाना चाह रही है।