चक्रवात बिपरजोय पोरबंदर से 850 किमी दूर, 12 तक गुजरात के दक्षिणी तट पहुंचने की संभावना

नेशनल और राज्य डिजास्टर मैनेजमेंट की 11 टीमें सक्रिय, तटों पर पुलिस तैनात, पर्यटकों के आने पर लगा प्रतिबंध

चक्रवात बिपरजोय पोरबंदर से 850 किमी दूर, 12 तक गुजरात के दक्षिणी तट पहुंचने की संभावना

अहमदाबाद, 9 जून (हि.स.)। गुजरात के निकट अरब सागर में बिपरजोय चक्रवात को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। चक्रवाती तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर आगे बढ़ रहा है। अगले दो दिन में यह इसी दिशा में आगे बढ़ने की आशंका है। बिपरजोय चक्रवात अभी गुजरात के तट से करीब 850 किलोमीटर दूर है।

मौसम विभाग ने अरब सागर में बिपरजोय चक्रवात के कारण गुजरात के सभी तटीय जिलों को अलर्ट किया गया है। तहसील स्तर के सभी अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है। गुजरात के बंदरगाहों पर खतरे का निशान लगा दिया गया है। वहीं, नेशनल और राज्य डिजास्टर मैनेजमेंट की 11 टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।

गुजरात के समुद्र किनारे के जिलों भावनगर, अमरेली, जामनगर, मांगरोल, पोरबंदर, उना, वलसाड, नवसारी और द्वारका के समुद्र की लहरों में उछाल दिख रहा है। वलसाड के तिथल तट, सूरत के डूमस, नवसारी के उभराट आदि समुद्र तटों पर पुलिस तैनात कर पर्यटकों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चक्रवाती तूफान अभी पोरबंदर से 880 किलोमीटर की दूरी पर है। यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। दक्षिण गुजरात में 12 जून तक समीप आ सकता है। इसकी वजह से प्रशासन को अलर्ट किया गया है। सूरत के समुद्र किनारे के 42 गांवों और वलसाड के 28 गांवों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा सौराष्ट्र के पोरबंदर में समुद्र में 10 फीट ऊंची लहरें उठ रही है। भावनगर के अलंग समुद्र में जबर्दस्त करंट है। अमरेली जिले में भी शुक्रवार को 2 नंबर का सिग्नल जारी रहा। दमण, जामनगर में 2 नंबर का सिग्नल यथावत रखा गया है।

Tags: Ahmedabad