साक्षी हत्याकांड: आरोपित साहिल की पुलिस हिरासत बढ़ी

साक्षी हत्याकांड: आरोपित साहिल की पुलिस हिरासत बढ़ी

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट ने 16 साल की लड़की साक्षी की हत्या के आरोपित साहिल की पुलिस हिरासत तीन दिनों के लिए बढ़ा दी है। गुरुवार को साहिल की पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। 30 मई को कोर्ट ने साहिल को आज तक की पुलिस हिरासत में भेजा था।

दिल्ली पुलिस ने साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से 29 मई को गिरफ्तार किया था। साहिल पर आरोप है कि उसने साक्षी पर चाकू से बीस से ज्यादा वार किए। इसके बाद साहिल ने साक्षी के सिर को पत्थर से कुचल दिया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में साहिल चाकू से वार करते हुए देखा जा सकता है। घटना के समय सड़क पर आसपास सात-आठ लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक साक्षी और साहिल दोस्त थे। उनके बीच 28 मई को बहस हुई थी। घटना वाले दिन साक्षी किसी के जन्मदिन पर जा रही थी, जहां रास्ते में साहिल ने उस पर हमला कर दिया। साक्षी के पिता की सूचना पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

Tags: Crime Delhi