आईएसएल: मिडफील्डर अल्बर्टो नोगुएरा ने मुंबई सिटी एफसी के साथ अनुबंध बढ़ाया

प्रशंसकों ने मुझे इस परिवार का हिस्सा होने का एहसास कराया है

आईएसएल: मिडफील्डर अल्बर्टो नोगुएरा ने मुंबई सिटी एफसी के साथ अनुबंध बढ़ाया

नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। मिडफील्डर अल्बर्टो नोगुएरा ने मुंबई सिटी एफसी के साथ अपना अनुबंध एक साल के लिए बढ़ा दिया है। क्लब ने जारी बयान में कहा है कि मुंबई सिटी एफसी को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि स्पेनिश मिडफील्डर अल्बर्टो नोगुएरा ने 2023-24 सत्र के अंत तक क्लब के साथ रहने का विस्तार करते हुए एक साल के नए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।

अनुबंध बढ़ाने पर अल्बर्टो नोगुएरा ने क्लब की ओर से जारी बयान में कहा कि मुंबई सिटी में रुकना मेरे लिए आसान फैसला था। मैंने यहां अपने समय का भरपूर आनंद लिया है और पिछली बार हमारा सीजन अच्छा रहा था। क्लब के लिए इतिहास बनाने में मदद करने में सक्षम होना, मेरे लिए गर्व का क्षण है। प्रशंसकों ने मुझे इस परिवार का हिस्सा होने का एहसास कराया है। उन्होंने कहा कि हमारे सामने महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं, विशेष रूप से लीग खिताब का बचाव करना। उन्होंने कहा कि मैं क्लब को और भी अधिक हासिल करने में मदद करने के लिए तैयार हूं।

33 वर्षीय अल्बर्टो नोगुएरा ने पिछले सीजन में मुंबई सिटी एफसी के बेहद सफल इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने टीम को 2022-23 इंडियन सुपर लीग विनर्स शील्ड हासिल करने में मदद की थी।

अल्बर्टो नोगुएरा के अनुबंध पर मुंबई सिटी एफसी के मुख्य कोच डेस बकिंघम ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि अल्बर्टो ने एक और सीजन के लिए हमारे साथ रहने का फैसला किया है। उनके अनुभव और खेलों को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने की क्षमता ने इस सीजन में हमारी सफलता में प्रमुख भूमिका निभाई। खेल की उनकी समझ और गेंद के साथ क्षमता उनके आसपास के खिलाड़ियों की मदद करती है।

Tags: Delhi