सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी : टूर्नामेंट में अजेय रही चार टीमों के बीच होगी सेमीफाइनल की जंग

हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी हरियाणा, हॉकी झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी ने टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बनाई है

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। गुरुवार को 13वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2023 के क्वार्टर फाइनल चरण की समाप्ति के साथ टूर्नामेंट अब सेमीफाइनल मुकाबलों की ओर बढ़ गया है। टूर्नामेंट राउरकेला, ओडिशा के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी हरियाणा, हॉकी झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी ने टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बनाई है।

हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी मध्य प्रदेश को पिछले क्वार्टरफाइनल मैच में 2-1 से हराया, हॉकी हरियाणा ने नॉकआउट गेम में हॉकी कर्नाटक को 14-0 से हराया। इसके अलावा, हॉकी झारखंड ने हॉकी चंडीगढ़ के खिलाफ 11-0 से जीत दर्ज की, वहीं, उत्तर प्रदेश हॉकी ने हॉकी पंजाब को 6-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। सेमीफाइनल में हॉकी झारखंड का सामना उत्तर प्रदेश हॉकी से और मौजूदा चैम्पियन हॉकी हरियाणा का सामना ओडिशा हॉकी संघ से होगा।

इस बीच, टूर्नामेंट में अब तक के अपने अनुभव पर बात करते हुए हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के प्रबंधक सह कोच मो. इस्माइल ने कहा, "यह हमारे लिए अब तक एक शानदार टूर्नामेंट रहा है। हम मैदान पर अपनी योजनाओं को लागू करने में सफल रहे हैं जो हमारी जीत का प्रमुख कारण है। यहां तक कि हॉकी मध्य प्रदेश के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मैच में भी दबाव के बावजूद भी हम अपनी रणनीति पर कायम रहे, जिससे हमें वापसी करने और मैच जीतने में मदद मिली।”

सेमीफाइनल के लिए टीम की तैयारी के बारे में बात करते हुए इस्माइल ने कहा, "हॉकी हरियाणा, निस्संदेह, एक बहुत अच्छी टीम है, लेकिन हम उन्हें कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, हॉकी मध्य प्रदेश के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत ने हमारे आत्मविश्वास के स्तर को बढ़ाया है और हमें विश्वास दिलाया है कि हम किसी भी चुनौती से पार पाने में सक्षम हैं।”साथ ही उत्तर प्रदेश हॉकी कोच जितेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि उन्हें सेमीफाइनल में हॉकी झारखंड को हराने का पूरा भरोसा है।

उन्होंने कहा, "हमने टूर्नामेंट में कुछ अच्छी हॉकी खेली है और अपनी रणनीतियों को अच्छी तरह से लागू किया है। इसके अलावा, हमने अब तक प्रतियोगिता में कुछ अच्छी टीमों को हराया है। इसलिए, हम अपनी गति जारी रखने और अपने अगले गेम में हॉकी झारखंड को हराने के लिए आश्वस्त हैं।”

विशेष रूप से, शशि खासा (19 गोल) टूर्नामेंट में अब तक हरियाणा हॉकी के लिए शीर्ष स्कोरर रहे हैं, जबकि स्वीटी डुंगडुंग (14 गोल) हॉकी झारखंड के लिए सबसे आगे हैं। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के लिए, डोली भोई सबसे अधिक गोल (8) करने वाली खिलाड़ी हैं, जबकि उत्तर प्रदेश हॉकी के लिए, वंदना पटेल ने प्रतियोगिता में अब तक सबसे अधिक गोल (5) किए हैं। दिलचस्प बात यह है कि, सभी चार सेमी-फाइनलिस्ट टीमों ने अभी तक प्रतियोगिता में कोई मैच नहीं हारा है।

Tags: Hockey