पिछली सरकारों के राज में अभाव में रहने वाले विकास यात्रा से पीछे छूट गए: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने किया सिलवासा में 4850 करोड़ रुपये से अधिक की 96 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

पिछली सरकारों के राज में अभाव में रहने वाले विकास यात्रा से पीछे छूट गए: प्रधानमंत्री


नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दमन-दीव और दादरा एवं नगर हवेली को नए नमो मेडिकल कॉलेज की सौगात दी। केंद्र शासित प्रदेश में कई परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली सरकारों पर वोट बैंक के आधार पर वंचित क्षेत्रों से भेदभाव करने का आरोप लगाया।

प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सिलवासा के सायली मैदान में 4850 करोड़ रुपये से अधिक की 96 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में दादरा और नगर हवेली जिले के मोरखल, खेरडी, सिंदोनी और मसाट के सरकारी स्कूल शामिल हैं। जिले की सड़कों का सौंदर्यीकरण, सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण, अंबावाड़ी, परियारी, दमनवाड़ा, खारीवाड़ और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, दमन के सरकारी स्कूल, मोती दमन और नानी दमन में मछली बाजार और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और नानी दमन में जल आपूर्ति योजना की विस्तार की परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को घरों की सांकेतिक चाभी दी और उनसे संवाद किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ‘तुष्टीकरण’ नहीं बल्कि ‘संतुष्टीकरण’ के लिए काम कर रही है। केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार वंचितों को वरीयता दे रही है। वंचितों, आदिवासियों और सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि अनेक दशक तक विकास की राजनीति को वोट बैंक के तराजू पर तौला गया। जिनकी पहुंच नहीं होती थी, आवाज कमजोर होती थी, वह अभाव में रहे और विकास यात्रा से पीछे छूट गए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी केंद्र शासित प्रदेश को एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चे कुछ संख्या में बाहर के कॉलेजों में डॉक्टरी की शिक्षा प्राप्त करते थे। उनमें से भी आदिवासी परिवारों से आने वाले बच्चे इससे पूरी तरह वंचित रह जाते थे। अब नए मेडिकल कॉलेज से आने वाले समय में 1000 से अधिक युवा हर वर्ष डॉक्टर बनेंगे। इसे संतुष्टिकरण का एक उदाहरण बताते हुए उन्होंने कहा कि आज केंद्र शासित प्रदेश विकास के मामले में संतुष्टिकरण की ओर बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में देश ने तेजी से विकास करने की कार्यशैली को विकसित किया है। एक काम पूरा होने पर दूसरा काम शुरू हो जाता है । हम यह भी सुनिश्चित करते हैं कि जिस काम की शुरुआत हो, उसे पूरा किया जाए।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने सिलवासा में नमो मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा किया और उसे राष्ट्रे को समर्पित किया। इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री ने जनवरी, 2019 में किया था। इससे केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नागर हवेली, दमन एवं दीव के नागरिकों की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।

प्रधानमंत्री इसके बाद दमन में देवका सीफ्रंट भी राष्ट्र को समर्पित किया। लगभग 165 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 5.45 किलोमीटर का सीफ्रंट बनाया गया है। देश में अपनी तरह का एक तटीय विहार स्थल बनाया गया है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और यह पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इसके साथ ही यह अवकाश और मनोरंजन गतिविधियों का केंद्र बन जाएगा।

Tags: Delhi