सितंबर में भारत यात्रा के लिए उत्साहित बाइडन, दस लाख भारतीयों को मिल सकता अमेरिकी वीजा

इस साल दस लाख वीजा देना एक रिकार्ड होगा

सितंबर में भारत यात्रा के लिए उत्साहित बाइडन, दस लाख भारतीयों को मिल सकता अमेरिकी वीजा

वाशिंगटन, 22 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इस साल सितंबर में भारत यात्रा के लिए खासे उत्साहित हैं। अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री और दक्षिण एवं मध्य एशिया के प्रभारी डोनाल्ड लू ने यह बात साझा करने के साथ ही जानकारी दी है कि इस साल दस लाख भारतीयों को अमेरिकी वीजा मिल सकता है।

डोनाल्ड लू ने कहा कि वर्ष 2023 भारत और अमेरिका के रिश्तों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। अमेरिकी राष्ट्रपति सितंबर में भारत की यात्रा करने के लिए उत्साहित हैं। जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने आ रहे बाइडन की यह पहली भारत यात्रा होगी। लू ने कहा कि इस यात्रा के साथ अमेरिका अगले कुछ महीनों में होने वाले घटनाक्रम को लेकर उत्साहित है और इस दौरान भारत और अमेरिका के रिश्ते नया आयाम स्थापित करेंगे।

लू ने कहा कि बाइडन सरकार जल्द ही वीजा जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर देगी। अमेरिका इस साल दस लाख भारतीयों को वीजा जारी कर सकता है। अमेरिका इस हफ्ते से एच-1बी और एल वीजा सहित कामकाजियों को वीजा देने को प्राथमिकता देना शुरू कर देगा। इस साल दस लाख वीजा देना एक रिकार्ड होगा। इस समय भारत में अमेरिकी वीजा के लिए इंतजार का बढ़ता समय चिंता का सबब बना हुआ है। पहली बार अमेरिका के वीजा के लिए आवेदन करने वालों लोगों को सालभर तक इंतजार करना पड़ रहा है। यही वजह है कि अमेरिका ने भारत से छात्रों और कुशल कामगारों को बुलाने के लिए बड़ी संख्या में वीजा जारी करने का फैसला किया है।