ओल्ड मुंबई-पुणे हाइवे पर बस हादसा, 12 की जान गई, 29 घायल

मुख्यमंत्री शिंदे की प्रत्येक आश्रित को पांच लाख रुपये की मदद देने की घोषणा

ओल्ड मुंबई-पुणे हाइवे पर बस हादसा, 12 की जान गई, 29 घायल

मुंबई, 15 अप्रैल (हि. स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में ओल्ड मुंबई-पुणे हाइवे पर खोपोली में शनिवार तड़के करीब चार हुए बस हादसे में 12 यात्रियों की जान चली गई। 29 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत नाजुक है। इसलिए मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है। यह सुखकर्ता ट्रैवल्स की बस है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रत्येक आश्रित को पांच लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री ने रायगढ़ सड़क हादसे पर जताया दुख, प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रु. देने की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सड़क हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के रायगढ़ में बस दुर्घटना से पीड़ा हुई। हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं कामना करता हूं कि जो घायल हुए हैं, वे शीघ्र स्वस्थ हों। प्रभावितों को राज्य सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में बस दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जिला प्रशासन को दुर्घटना के कारणों की जांच कराने का आदेश दिया है। फडणवीस ने कहा है यह बस पुणे से मुंबई आ रही थी। इसमें कुल 41 लोग थे। यह बस अचानक सड़क से 150 फीट नीचे बोरघाट खाई में गिर गई। रेस्क्यू टीम ने 12 शव और 29 घायलों को निकाल लिया है। घायलों में दो बच्चे, तीन महिलाएं और 24 पुरुष हैं। 18 का इलाज रबाले के एमजीएम अस्पताल, 10 का खोपोली नगरपालिका अस्पताल और एक घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हाइवे ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक तानाजी चिखले ने बताया कि इस बस से गोरेगांव के प्रभु वादक समूह के लोग पुणे से मुंबई लौट रहे थे। अब तक एक मृतक की पहचान जुई सावंत (15 ) के रूप में की गई है। अन्य को पहचानने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पांच घायलों की भी पहचान नहीं हो सकी है। बाकी घायलों में नम्रता रघुनाथ ( 29), चंद्रकांत महादेव गुडेकर( 29), तुषार चंद्रकांत गावड़े ( 22), हर्ष अर्जुन फाल्के (19), महेश हीरामन म्हात्रे ( 20 ),लवकुश रंजीत कुमार प्रजापति (16 ),आशीष विजय गौरव (19), सन्नी ओमप्रकाश राघव (21),यश अनंत सकपाल (19),वृषभ रवींद्र थोरवे (14 ),शुभम सुभाष गुडेकर , जयेश तुकाराम नारलकर (24),विशाल अशोक विश्वकर्मा (23),रुचिका सुनील धुमाने (17),ओम मनीष कदम (18) युसूफ उनेर खान (14),अभिजीत दत्तात्रेय जोशी (20),कोमल बालकृष्ण चिली ( 15),हर्ष वीरेंद्र दुरी (20),ओंकार जितेंद्र पवार (24), दीपक विश्वकर्मा (21), हर्षदा परदेशी, वीर मांडवकर और मोहॉक दिलीप सल्प (18) हैं।