आगामी लोकसभा चुनाव में असम की 12 सीटें जीतेगी भाजपा, मोदी तीसरी बार बनेंगे प्रधानमंत्री: शाह

आगामी लोकसभा चुनाव में असम की 12 सीटें जीतेगी भाजपा, मोदी तीसरी बार बनेंगे प्रधानमंत्री: शाह

डिब्रूगढ़ (असम), 11 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा असम की 14 लोकसभा सीटों में से 12 पर जीत हासिल करेगी। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 300 से अधिक सीटों पर जीत के साथ तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

अमित शाह ने आज (मंगलवार) डिब्रूगढ़ के मानकटा मैदान में आयोजित भाजपा की कार्यकर्ता रैली को संबोधित करते हुए महापुरुष श्रीमंत शंकर देव और सुधाकांत डॉ. भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि दी। साथ ही असम के लोगों को बिहू की बधाई दी। डिब्रूगढ़ में भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय की आधारशिला रखते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनों पर आधारित पार्टी है। कार्यालय पार्टी की सभी गतिविधियों का केंद्र है। आज छह लोकसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक कार्य के साथ-साथ इस क्षेत्रीय कार्यालय से डिब्रूगढ़ के पदाधिकारी भी सुचारू रूप से कार्य करेंगे।

शाह ने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव में भाजपा अच्छे परिणाम प्राप्त कर तीनों राज्य सरकारों का हिस्सा बनी है। त्रिपुरा में भाजपा ने दूसरी बार बहुमत के साथ सरकार बनाई है। नगालैंड विधानसभा में 13 विधायकों के साथ भाजपा दूसरी बार उपमुख्यमंत्री के साथ सत्ता में है और पार्टी मेघालय में भी दूसरी बार सरकार का हिस्सा बनी है। शाह ने कहा कि असम से भाजपा ने जो विजय यात्रा आरंभ की थी उसे आठ राज्यों में सफलता पूर्वक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की एनडीए सरकार ने पूर्वोत्तर के विकास को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, 'एक समय में पूर्वोत्तर को कांग्रेस की नींव माना जाता था। अब राहुल गांधी ने देशभर में यात्रा की वहीं दूसरी ओर तीन राज्यों में कांग्रेस समाप्त हो गयी। लेकिन राहुल गांधी अभी भी अनजान बने हुए हैं। वह विदेश जाते हैं और देश की बुराई करते हैं। राहुल गांधी को समय रहते सुधार करने की सलाह देते हुए शाह ने कहा कि अब संशोधन होना चाहिए नहीं तो कांग्रेस एक दिन पूर्वोत्तर से ही नहीं, बल्कि पूरे देश से समाप्त हो जाएगी।

शाह ने कहा कि जिस प्रधानमंत्री ने पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया, भारत की रक्षा की, पूर्वोत्तर से आतंकवाद को समाप्त किया, पूर्वोत्तर में 50 से अधिक बार यात्रा की और पूर्वोत्तर के विकास को गति दी, पूर्वोत्तर में कई योजनाएं लाए, ऐसे प्रधानमंत्री को कांग्रेस कहती है कि मोदी आपकी कब्र खुदेगी। लेकिन, कांग्रेस के कहने से कुछ नहीं होगा, क्योंकि देश की 130 करोड़ जनता और असम के लोग प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र के लिए दिन-रात प्रार्थना करते हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि आप मोदी को कितनी भी गाली दें, आपकी मां ने भी कोशिश की थी, लेकिन गाली जितनी जोर से देंगे कमल उतना ही मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि बिहू के वर्ल्ड रिकॉर्ड के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को यहां मौजूद रहेंगे। असम के लोग बिहू में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। बिहू असम के साथ समूचे देश के लिए एक शुभ त्योहार है।

उन्होंने कहा कि मोदी यहां ऐसे समय में आएंगे जब असम के 70 प्रतिशत स्थानों से अफ्सफा हटा दिया गया है, बोडोलैंड, कार्बी क्षेत्र में शांति का माहौल तैयार हो गया है, आठ आदिवासी संगठन मुख्यधारा में आ गए हैं, असम आज पड़ोसी राज्यों के साथ सीमा विवाद खत्म करने की कगार पर है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन के कारण ही असम इस तरह प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के फिर से गठन के बाद से असम में 41 हजार से अधिक लोगों को नौकरी दी गई है। 44 हजार किसानों का धान 1940 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया है, असम मिलेट के श्रीअन्न उत्पादन में 25 हजार हेक्टेयर से अधिक के बाजरा मिशन के साथ आगे बढ़ा है, प्राकृतिक खेती के लिए 20 हजार हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है, 2 लाख हेक्टेयर पर पाम के पेड़ लगाये जा रहे हैं, 12 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, 12 मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी बिहू के दिन असम के लोगों को एम्स का तोहफा भी देंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने असम में विकास की धारा बहा दी है। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में अब असम में तेजी से विकास संभव है। उन्होंने कहा कि इस साल के केंद्रीय बजट में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में 65 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पूरे पूर्वोत्तर का तेजी से विकास करने में सफल रही है।