
अहमदाबाद : सीएनजी पंप ऑपरेटरों की हड़ताल स्थगित, सीएनजी वितरण पूर्ववत रहेगा
सीएनजी डीलरों की बैठक में हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया था
राज्य में सीएनजी पंप संचालकों की हड़ताल स्थगित कर दी गई। इससे पहले गत रोज सीएनजी डीलरों की बैठक हुई थी, जिसमें शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया गया था। हालांकि हड़ताल स्थगित होने से सीएनजी वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
बुधवार को गुजरात के सीएनजी डीलरों की बैठक हुई थी
प्राप्त जानकारी एवं सीएनजी पंप संचालकों के अनुसार, सीएनजी बिक्री के लिए डीलर मार्जिन पिछले 55 महीनों से नहीं बढ़ा है। इसके लिए सरकार को कई पत्र लिखे और बैठकें भी कीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। जिससे बुधवार को गुजरात के सीएनजी डीलरों की बैठक आहूत की गई थी। जिसमें सर्वसम्मति से सीएनजी की बिक्री शुक्रवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला किया गया था।
सीएनजी वाहन चालकों ने ली राहत की सांस
फेडरेशन ऑफ गुजरात पेट्रोलियम एसोसिएशन के निर्णय से हजारों रिक्शा चालकों और लाखों कार चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ता। साथ ही सीएनजी आधारित रिक्शा चलाने वाले रिक्शा चालकों की दैनिक आय प्रभावित होती, लेकिन हड़ताल स्थगित कर दिये जाने से रिक्शा चालकों में हर्ष व्याप्त है।