गुजरात : पर्यटन कार्य समूह की पहली बैठक कच्छ के रण में 7 फरवरी से 

गुजरात : पर्यटन कार्य समूह की पहली बैठक कच्छ के रण में 7 फरवरी से 

केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला बैठक में रहेंगे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत को जी20 की अध्यक्षता मिली है। भारत सभी के कल्याण के लिए व्यावहारिक वैश्विक समाधान तलाश कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहता है। भारत के लिए जी20 की अध्यक्षता देश के इतिहास में एक निर्णायक घटना है, क्योंकि यह ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के वर्ष के दौरान मिली है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात पर्यटन कार्य समूह (टीडब्ल्यूजी) की पहली बैठक के रूप में अपने दूसरे जी20 कार्यक्रम की मेजबानी करने को तैयार है। यह बैठक 7 से 9 फरवरी, 2023 के दौरान कच्छ के रण में आयोजित होगी।

बी20 इंसेप्शन बैठक के बाद यह गुजरात में दूसरा जी20 इवेंट है

यहां उल्लेखनीय और महत्वपूर्ण बात यह है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तभी से कच्छ का रण वैश्विक पर्यटन स्थल बना था। आज मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल कच्छ को एक समृद्ध पर्यटन अर्थव्यवस्था बनाने की उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। इन प्रयासों के कारण कच्छ ने अपनी जीवंत पर्यटन अर्थव्यवस्था और समृद्ध संस्कृति, कला एवं परंपरा के कारण वैश्विक पर्यटन नक्शे पर एक अनोखी छाप छोड़ी है। टीडब्ल्यूजी के अंतर्गत दो और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 7 फरवरी को आयोजित साइड इवेंट-1 समुदायिक सशक्तिकरण के लिए ग्रामीण पर्यटन और गरीबी उन्मूलन पर ध्यान केंद्रित करेगा। इस कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी मौजूद रहेंगे। 

यूएनडब्ल्यूटीओ एक पैनल चर्चा भी संचालित करेगा

कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) के टूरिज्म मार्केट इंटेलिजेंस और कॉम्पिटिटिवनेस की प्रमुख सुश्री सांद्रा कारवाओ अपना अनुभव और ज्ञान साझा करेंगे। यूएनडब्ल्यूटीओ एक पैनल चर्चा भी संचालित करेगा जिसका विषय ‘कैसे पर्यटन नीति ग्रामीण विकास में पर्यटन के योगदान का समर्थन कर सकती है’ होगा। वक्ताओं में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी), एशियाई विकास बैंक (एडीबी), अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) तथा इंडोनेशिया, इटली, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, जापान, सऊदी अरब और अर्जेंटीना के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सात फरवरी को प्रतिनिधियों को कच्छ के सफेद रण (रेगिस्तान) में घूमने का अवसर मिलेगा। माननीय मुख्यमंत्री प्रतिनिधियों के लिए कच्छ क्षेत्र की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने वाले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।

 एशियाई विकास बैंक और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन लेंगे हिस्सा

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और माननीय केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला 8 फरवरी को पर्यटन कार्य समूह की बैठक का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद 5 प्राथमिकता वाले मुद्दों- हरित पर्यटन, डिजिटलीकरण, कौशल, टूरिज्म एमएसएमई और डेस्टिनेशन मैनेजमेंट पर कार्य सत्रों का आयोजन होगा। 9 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिगण और अन्य प्रतिभागी कच्छ के सफेद रण में आयोजित होने वाले योग सत्र में हिस्सा लेंगे। उसके बाद वे हड़प्पा सभ्यता के केंद्र और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल धोलावीरा भी जाएंगे। 9 फरवरी को आयोजित साइड इवेंट-2 ‘प्रमोशन ऑफ आर्कियोलॉजिकल टूरिज्मः डिस्कवरिंग शेयर्ड कल्चरल हेरिटेज’ (पुरातत्व पर्यटन का प्रचारः साझा सांस्कृतिक विरासत की खोज) पर ध्यान केंद्रित करेगा। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सचिव अरविंद सिंह इस विषय पर उद्घाटन भाषण देंगे जबकि मुख्य संभाषण यूनेस्को द्वारा दिया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा पैनल चर्चा का संचालन किया जाएगा

इस बैठक के अंतिम दिन यानी 10 फरवरी, 2023 को पर्यटन कार्य समूह की बैठक के लिए पहुंचे प्रतिनिधिगण स्मृति वन स्मारक का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगस्त 2022 में स्मृति वन स्मारक का उद्घाटन किया था। वर्ष 2001 में आए भूकंप के बाद भुज के सफर को इस स्मारक में समृद्ध हड़प्पा संस्कृति, भूकंप विज्ञान तथा गुजरात की विरासत, संस्कृति और कला को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुति के रूप में वर्णित किया गया है। यहां कंट्रोल रूम के मार्फत रियल टाइम इमरजेंसी की परिस्थितियों को भी दर्शाया गया है।