गुजरात : स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता की मिसाल बनीं बालिकाएं
जामजोधपुर बालिका विद्यालय में प्लास्टिक प्रदूषण हटाओ अभियान के तहत चलाया गया स्वच्छता कार्यक्रम
गुजरात के जामनगर के जामजोधपुर नगर पालिका द्वारा संचालित बालिका विद्यालय में सोमवार को "प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त अभियान" के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यालय के खेल मैदान की सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान शिक्षकों ने छात्राओं को सिंगल यूज प्लास्टिक—जैसे प्लास्टिक गिलास, कटलरी, थैलियां आदि—पर सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों जैसे कपड़े के थैले, पत्तों की प्लेटें, लकड़ी के चम्मच व बर्तन आदि को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने न सिर्फ बच्चों में स्वच्छता के महत्व को उजागर किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी एक मजबूत संदेश दिया। इस अभियान के माध्यम से नन्हीं बालिकाएं स्वच्छ और हरा-भरा भारत बनाने में अपनी भूमिका निभाती दिखीं।