गुजरात : आध्यात्मिक भूमि बोटाद विकास की नई परिपाटी पर आगे बढ़ रही है :  राज्यपाल आचार्य देवव्रत

गुजरात : आध्यात्मिक भूमि बोटाद विकास की नई परिपाटी पर आगे बढ़ रही है :  राज्यपाल आचार्य देवव्रत

राज्यपाल ने बोटाद में 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित एट हॉम कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं

इस वर्ष गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह बोटाद में आयोजित किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बोटाद में राज्यपाल आचार्य देवव्रत की अध्यक्षता में एट हॉम कार्यक्रम आयोजित किया गया। एट हॉम कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं मुख्य सचिव पंकजकुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। राज्यपाल ने सभी को 74वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

बोटाद की धरती कला, साहित्य तथा संस्कृति की भूमि है

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने एट हॉम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत लंबे समय तक गुलामी के बाद आजादी प्राप्त कर आज 74वां गणतंत्र दिवस गौरव के साथ मनाने जा रहा है। राज्य की धरती के सपूत तथा विश्व प्रसिद्ध नेता प्रधानमंत्री नरेंद्रभाई मोदी ने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय पर्वों को जिला मुख्यालय में मनाने की नई परंपरा स्थापित की, जो प्रशंसनीय तथा अनुकरणीय है। बोटाद की धरती कला, साहित्य तथा संस्कृति की भूमि है। उन्होंने कहा कि सौराष्ट्र का हिस्सा बोटाद, आज विकास की नई परिपाटी पर आगे बढ़ रहा है।

भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है

राज्यपाल ने आगे कहा कि विश्व का इतिहास साक्षी है कि भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जिसने किसी भी देश पर सामने से आक्रमण नहीं किया है। अध्यात्म संस्कृति का पालक भारत आज पुनः विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भारत ने भूमि नहीं वरन् हमेशा आत्मा और मन जीतने का अभिगम अपनाया है। राज्यपाल ने कहा कि देश में एकता का अभाव था जिसके कारण गुलामी लम्बे समय तक चली। हालाँकि, 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बाद से, पूज्य गांधीबापू (महात्मा गाँधी), सरदार पटेल तथा भारत की आजादी के लिए लड़ने वाले लाखों लोगों के बलिदान के कारण भारत आजाद हुआ। आज का दिन बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का भी अवसर है।

मातृभूमि की रक्षा की भावना प्रत्येक नागरिक में व्याप्त होनी चाहिए

राज्यपाल देवव्रत ने कहा कि भारत आज संयुक्त (अखंड) गणराज्य है और तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुँचा है। यह गौरव की बात है कि आज भारत जी-20 देशों की मेज़बानी कर रहा है। राज्यपाल ने राज्य के नागरिकों से मातृभूमि के प्रति समर्पित होने के लिए संकल्पबद्ध होने का आह्वान किया और कहा कि मातृभूमि की रक्षा की भावना प्रत्येक नागरिक में व्याप्त होनी चाहिए।

जिले के प्रमुख धार्मिक-सामाजिक अग्रणी एवं नागरिक उपस्थित रहे

इस अवसर पर बोटाद ज़िले की प्रभारी मंत्री श्रीमती भानुबेन बाबरिया, सांसद श्रीमती भारतीबेन शियाल, विधायक, पूर्व विधायक, राज्य पुलिस प्रमुख आशीष भाटिया, बोटाद ज़िला कलेक्टर बिजल शाह, सिविल अधिकारी, राज्य सरकार के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, बोटाद ज़िला एवं तालुका पंचायत तथा नगर पालिका के सदस्य, स्थानीय उद्योगपति, जिले के प्रमुख धार्मिक-सामाजिक अग्रणी एवं नागरिक उपस्थित रहे। 

Tags: Botad