सूरत : महापालिका संचालित विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध करा कर छात्रों-शिक्षकों को स्मार्ट बनाने का प्रयास

सूरत : महापालिका संचालित विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध करा कर छात्रों-शिक्षकों को स्मार्ट बनाने का प्रयास

समिति व सुमन स्कूलों में इंटरएक्टिव बोर्ड के माध्यम से शिक्षा को रूचिकर बनाने का प्रयास जिससे छात्र सरल ढंग से ज्ञानोपार्जन कर सकें

सूरत महापालिका के अधीन की शिक्षा समिति के 50 विद्यालयों में 100 स्मार्ट बोर्ड व सुमन विद्यालय में 104 स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से बच्चों को निजी विद्यालयों की तरह शिक्षा दी जा रही है। नगर पालिका सूरत के निजी स्कूलों की तरह सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सुधार के साथ-साथ शिक्षकों और छात्रों को स्मार्ट बनाने की कोशिश है। इसके लिए शिक्षकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। स्मार्ट बोर्ड के कारण विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ रही है और शिक्षक कम मेहनत में बेहतर कार्य कर पा रहे हैं।

ऑडियो विजुअल माध्यम से शिक्षा प्रदान कर स्तर सुधारने का प्रयास 

सूरत नगर शिक्षा समिति और सुमन स्कूल अब काले और नीले रंग के बोर्ड को खत्म करने जा रहे हैं। नगर पालिका इंटरनेट का उपयोग कर ऑडियो विजुअल माध्यम से शिक्षा प्रदान कर स्तर सुधारने का प्रयास कर रही है। इसके परिणाम स्वरूप शिक्षा समिति के 50 विद्यालयों में 100 तथा सुमन विद्यालय में 104 स्मार्ट बोर्ड लगाये गये हैं। समिति के विद्यालय में कुछ विषयों को प्रोजेक्टर स्क्रीन पर दिखाकर रंगीन स्वरूप से जानकारी के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। हर स्कूल में दो स्मार्ट बोर्ड दिए गए हैं और आने वाले दिनों में इन बोर्डों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

छात्र अध्ययन में ऊबते नहीं और वे रुचि के जानकारी को जल्दी से ग्रहण करते हैं

छात्रों को विभिन्न प्रयोगों, उदाहरणों और कहानियों के ऑडियो वीडियो के माध्यम से पढ़ाया जाता है। इस प्रकार की विधि से छात्र अध्ययन में ऊबते नहीं हैं और वे रुचि के साथ जानकारी को देखते हुए शिक्षा को जल्दी से ग्रहण कर लेते हैं। दावा किया जा रहा है कि पढ़ाई में बोरियत कम होने से शिक्षा का स्तर सुधरेगा। यह बोर्ड इंटरनेट से जुड़ा होने के कारण छात्रों को आधुनिक जानकारी उपलब्ध है और छात्र तेजी से सीख भी रहे हैं।

Tags: Surat