दिल्ली : श्रद्धा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, हासिल हुआ एक ऑडियो सबूत

इस केस में पुलिस को मिले एक ऑडियो में आफताब और श्रद्धा के बीच बहस हो रही

दिल्ली के महरौली में श्रद्धा वाकर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले के आरोपी आफताब का कथित ऑडियो दिल्ली पुलिस के हाथ लग गया है। इस ऑडियो में आफताब श्रद्धा से लड़ रहा है। ऑडियो में आफताब और श्रद्धा की बहस हो रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि आफताब श्रद्धा को प्रताड़ित कर रहा था।

ऑडियो एक अहम सबूत

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस इस ऑडियो को अहम सबूत मान रही है। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस ऑडियो से हत्या के कारणों का पता लगाने में काफी मदद मिलेगी। साथ ही इस ऑडियो से आफताब की आवाज का मिलान करने के लिए दिल्ली पुलिस आफताब की आवाज का नमूना लेगी। कहा जा रहा है कि सीबीआई की सीएफएसएल टीम सोमवार को आफताब की आवाज का नमूना लेगी।

आज होगा वॉयस सैंपलिंग टेस्ट

श्रद्धा मर्डर केस के मुख्य आरोपी आफताब पूनावाला का आज यानी सोमवार को वॉयस सैंपलिंग टेस्ट किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली पुलिस आरोपी को तिहाड़ जेल से CBI मुख्यालय ले जा रही है।

दरअसल, इस केस में पुलिस को एक ऑडियो मिला है। इसमें आफताब और श्रद्धा के बीच बहस हो रही है। इसी ऑडियो से अफताब की आवाज का मिलान करने के लिए पुलिस आफताब का वॉयस सैंपल टेस्ट कर रही है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि केस में यह ऑडियो अहम सबूत हो सकता है।

हड्डियों के डीएनए हुए मैच

इससे पहले दिल्ली पुलिस द्वारा महरौली और गुरुग्राम के जंगलों से बरामद हड्डियों के डीएनए सैंपल श्रद्धा के पिता विकास वाकर के डीएनए से मैच कर गए थे। पुलिस ने महरौली और गुरुग्राम के जंगलों से जबड़े की हड्डी, जांघ की हड्डी और शरीर के कई अन्य हिस्से बरामद किए। दिल्ली पुलिस ने बरामद हड्डियों को जांच के लिए लैब में भेज दिया है। यह डीएनए रिपोर्ट आरोपी को सजा दिलाने में पुलिस के लिए काफी अहम साबित होगी।

8 मई को हुआ था श्रद्धा की हत्या

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 28 साल के आफताब ने 18 मई को 27 साल की श्रद्धा का मर्डर कर दिया था। दोनों लिव-इन में रहते थे। आफताब ने श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े किए थे। इन्हें रखने के लिए 300 लीटर का फ्रिज खरीदा था। वह 18 दिन तक रोज रात 2 बजे जंगल में शव के टुकड़े फेंकने जाता था। 12 नवंबर को दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में श्रद्धा वॉकर हत्या के आरोप में आफताब पूनावाला को गिरफ्तार किया था। 

आफताब ने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट में भी कबूली थी हत्या की बात

पिछले महीने आफताब का नार्को टेस्ट किया गया था। इसमें उसने श्रद्धा के मर्डर की बात कबूली थी। दिल्ली के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 2 घंटे तक आफताब का नार्को टेस्ट चला था। आफताब ने टेस्ट में पूछे गए ज्यादातर सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए। उसने पॉलीग्राफ टेस्ट में भी श्रद्धा की हत्या की बात कबूल की थी, हालांकि तब उसने कहा था कि उसे हत्या का अफसोस नहीं है।

Tags: