अहमदाबाद : राजनीतिक सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरुरी : अमित शाह

अहमदाबाद : राजनीतिक सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरुरी : अमित शाह

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा पर बोले गृह मंत्री- इसका परिणाम जानने के लिए इंतजार करना होगा

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो यात्रा ' का परिणाम जानने के लिए इंतजार करना होगा, लेकिन राजनीति में सफलता 'निरंतर प्रयासों' से ही मिलती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि वह हमेशा मानते हैं कि नेताओं को मेहनती होना चाहिए और जब कोई कड़ी मेहनत करता है तो उन्हें अच्छा लगता है।

भारत यात्रा पर राहुल गांधी


शाह की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं में से एक राहुल गांधी 'भारत जोड़ो यात्रा' पर हैं और बीजेपी नेता इसे लेकर लगातार उन पर निशाना साध रहे हैं। गौरतलब हो कि राहुल गांधी ने भाजपा की कथित विभाजनकारी राजनीति, बढ़ती महंगाई और देश में बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से इस यात्रा की शुरुआत की थी।

भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजर रही है


'भारत जोड़ो यात्रा' करीब 3,570 किमी का यह सफर 12 राज्यों से होते हुए जम्मू-कश्मीर में खत्म होगा। कांग्रेस ने यात्रा को भारतीय राजनीति में एक 'टर्निंग प्वाइंट' बताया, जबकि बीजेपी ने इसे 'धोखाधड़ी' और 'गांधी परिवार' की रक्षा के लिए कांग्रेस द्वारा चलाया गया एक अभियान बताया। बीजेपी नेता राहुल गांधी के दाढ़ी वाले लुक और उनके कपड़ों को लेकर भी निशाना साध रहे हैं।

नेताओं को कड़ी मेहनत करनी चाहिए 


जब शाह से पूछा गया कि वह राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' और उसके परिणामों को कैसे देखते हैं, तो उन्होंने कहा, 'मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि नेताओं को मेहनती होना चाहिए और जब कुछ मुश्किल हो तो वह कड़ी मेहनत करते हैं अच्छा लगता। लेकिन राजनीति में निरंतर प्रयास ही परिणाम देता है। तो चलिए इंतजार करते हैं और देखते हैं।

गुजरात में त्रिकोणीय मुकाबला


गुजरात में आम तौर पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर रही है। लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह के गृह राज्य में आक्रामक प्रचार के साथ कई निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबले को त्रिकोणी बना दिया है। कट्टर प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सामने आ रही चुनौती पर शाह ने कहा, 'कांग्रेस अभी भी मुख्य विपक्षी पार्टी है, लेकिन वह राष्ट्रीय स्तर पर संकट के दौर से गुजर रही है और इसका असर गुजरात में भी दिखाई दे रहा है।'
Tags: