महाराष्ट्र : पिकनिक मानकर लौट रही छात्रों से भरी बस पलटी, दो छात्रों की मौत

महाराष्ट्र : पिकनिक मानकर लौट रही छात्रों से भरी बस पलटी, दो छात्रों की मौत

हिल स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर रात करीब आठ बजे मैजिक प्वाइंट पहाड़ी के पास हुआ ये हादसा

अभी दो दिन पहले ही महाराष्ट्र में कार दुर्घटना में पांच छात्रों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अब रायगढ़ जिले के खोपोली थाना क्षेत्र में एक बड़ा भीषण हादसा हो गया। यहां 48 छात्रों को लेकर जा रही एक बस पलट गई। इस मामले में नई जानकारी के अनुसार इस हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मुंबई-पुणे हाईवे पर रात करीब आठ बजे हुआ ये हादसा


आपको बता दें कि ये हादसा हिल स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर रात करीब आठ बजे मैजिक प्वाइंट पहाड़ी के पास हुआ। हादसे में घायल हुए छात्रों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। निजी बस में उपनगर चेंबूर के एक कोचिंग क्लास के कम से कम 48 छात्र यात्रा कर रहे थे, वे सभी 10वीं कक्षा के छात्र हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि ये छात्र पिकनिक मनाकर चेंबूर लौट रहे थे, तभी बस पलट गई। फिलहाल पुलिस का इस बारे में कहना है कि प्रथम दृष्टया ये ब्रेक फेल होने के कारण बस चालक का वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुई घटना प्रतीत होती है। इस मामले पर पुलिस अधिक जांच पड़ताल कर रही है।

मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन


हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सभी घायल मरीजों को प्रशासन के जरिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल छात्रों को खोपोली के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के शिकार लोगों की मदद के लिए खोपोली पुलिस जुटी हुई है।

इन दो छात्रों की हुई मौत


इस बारे में एक अधिकारी ने कहा कि पुणे के लोनावाला में पिकनिक मानकर लौटते समय, बस के चालक ने ब्रेक फेल होने के कारण खोपोली के पास घाट (पहाड़ी सड़क) इलाके में वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। गंभीर रूप से घायल 17 और 16 साल के दो छात्रों को इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान चेंबूर कैंप निवासी हितिका खन्ना और उपनगरीय घाटकोपर के असलफा गांव निवासी राज राजेश म्हात्रे (16) के रूप में हुई है।