राजस्थान : जोधपुर में एक बारात में सिलिंडर फटने से हुआ बड़ा हादसा, 40 लोग झुलसे, पांच की हुई मौत

राजस्थान : जोधपुर में एक बारात में सिलिंडर फटने से हुआ बड़ा हादसा, 40 लोग झुलसे, पांच की हुई मौत

एक शादी में बारात निकलने के पहले एक के बाद पांच सिलिंडर फटने से 60 से अधिक लोग झुलसे

राजस्थान के जोधपुर जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। शेरगढ़ के पास भूंगरा गांव में गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे एक शादी समारोह में अचानक एक के बाद एक पांच गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इससे शादी वाली जगह में अफरा-तफरी मच गई। इस भयानक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि दूल्हे और उसके माता-पिता सहित 60 लोग झुलस गए। ये हादसा उस समय हुआ जब घर से बारात रवाना होने वाली थी। खाना बनाते समय अचानक एक सिलेंडर में लीकेज हुआ और आग पकड़ ली। इसी दौरान वहां पास में मौजूद पांच सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली और धमाके होने लगे। जहां सिलेंडर फटे, वहां करीब 100 लोग मौजूद थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

8 लोगों की स्थिति गंभीर


आपको बता दें कि इस घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता हॉस्पिटल पहुंचे। घायलों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। 48 लोग वार्ड में एडमिट हैं और एक बच्चा आईसीयू में है। इनमें आठ लोग 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। जबकि पांच और सात साल के दो बच्चों सहित पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। 40 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है। बताते चलें कि शादी का घर होने से हादसे की जगह पर काफी संख्या में बराती मौजूद थे। 

खोखसर जानी थी बारात


दूल्हे की बहन गवरी कंवर ने बताया कि शेरगढ़ के सुरेंद्र सिंह की गुरुवार को भूंगड़ा गांव से खोखसर बारात जानी थी। शादी में शामिल होने आए 300 से ज्यादा लोग यहां जुटे थे। दोपहर में बारात जानी थी, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया।

मुख्यमंत्री ने की मुलाकात


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घायलों से मिलने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि घायलों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसकी जांच होगी।

दो महीने बाद दूसरा सिलेंडर ब्लास्ट कांड


बता दें कि जोधपुर में दो महीने में ये दूसरा मामला है, जब सिलेंडर ब्लास्ट कांड सामने आया है। इससे पहले 8 अक्टूबर को शहर के कीर्ति नगर में गैस रिफिलिंग के दौरान ऐसा ही हादसा हुआ था। इसमें भी 15 से ज्यादा लोग झुलस गए थे और पांच से ज्यादा की मौत हुई थी। खास बात ये है कि दो महीने बाद 8 दिसंबर को दोबारा जोधपुर के शेरगढ़ में सिलेंडर ब्लास्ट कांड ने दहला दिया।