लड़की की छत से गिरकर मौत, परिजनों का पड़ौसी युवक पर धक्का देकर गिराने का आरोप

लड़की की छत से गिरकर मौत, परिजनों का पड़ौसी युवक पर धक्का देकर गिराने का आरोप

लखनऊ। एक लड़की की चार मंजिला छत से गिरकर मौत हो गई। इस मामले में लड़की के परिजनों का आरोप है कि पड़ौसी युवक ने उनकी लड़की को छत से धक्का दे दिया। 


इस संबंध में लखनऊ संयुक्त पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्दिया ने मीडिया को बताया है कि पुलिस को बसंत कुंज की डूडा कॉलोनी से सूचना मिली थी कि एक लड़की चार मंजिला इमारत से गिर गई है। परिजनों ने इस घटना के लिये पड़ौसी युवक सुफियान पर लड़की को धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया। बताया गया है कि दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते थे। पिछले डेढ़ वर्ष से सुफियान मृतका के साथ दोस्ती करने की कोशिश कर रहा था। 


पुलिस के अनुसार दोनों परिवारों को अपने बच्चों के बीच के इस पहलू की जानकारी थी और दोनों ने अपने-अपने बच्चों को समझाया भी था। बताया गया है कि घटना के कुछ दिन पहले सुफियान ने मृतका को एक की-पैड वाला फोन दिया था। यह बात जब मृतका के अभिभावकों को पता चली तो वह सुफियान के घर गये और वहां आपस में बहस हो गई। 


जब घर में यह तकरार चल रही थी तभी मृतका घर के ऊपर की ओर भागी और सुफियान भी उसके पीछे गया। कुछ देर बाद मृतका की नीचे गिरने की आवाज आई। मृतका को ट्रोमा सैंटर ले गये जहां उसे म़ृत घोषित किया गया। सुफियान भी वहां गया था। लेकिन मृत्यु की बात सुनकर वह वहां से भाग गया। 


संयुक्त पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्दिया ने मीडिया को बताया है कि मृतका की मां ने लिखित तहरीर दी है जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को खोज रही है। वादी पक्ष ने धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार वह मामले की विवेचना करेगी।