उत्तर प्रदेश : दुल्हे ने शराब के नशे में की दुल्हन के साथ बदतमीजी, दुल्हन ने शादी से किया इंकार

दहेज़ की मांग करने और शराब के नशे में बदसलूकी पर वधुपक्ष ने वर पक्ष को रातभर बंधक बनाया

वर्तमान में देश में शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में देश के विभिन्न हिस्सों से हर तरह की खबरें सामने आ रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुई एक शादी के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब दूल्हा शराब पीकर आया और नशे में धुत्त दुल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद बाराती पक्ष को पूरी रात एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। दरअसल शराब के नशे में धुत दुल्हे ने वरमाला के समय दुल्हन के साथ अश्लील हरकत भी की थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। इन सब के बीच दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। ज्यादा बवाल होने पर दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष को रातभर भूखा-प्यासा रखा। सुबह जब अलीगढ़ के पूर्व मेयर को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बुलाकर लोगों को रिहा कर दिया। यह घटना क्वार्सी के केशव वाटिका की है।
पुलिस के मुताबिक योगेंद्र सिंह की बेटी चांदनी की शादी रामपुर जिले के मिल्कराजपुर निवासी रमेश बाबू के बेटे रूपेंद्र कुमार से तय हुई थी। गुरुवार की रात को बारात मुरादाबाद से आई थी और जयमाल की प्रक्रिया होने जा रही थी। दुल्हन पक्ष के मुताबिक दूल्हा शराब के नशे में था और फेरे से पहले उसने दुल्हन के साथ गलत व्यवहार किया। वरमाला के समय पहले दूल्हे ने दुल्हन को धक्का दिया और फिर माला को तोड़कर फेंक दिया। बाद में दूल्हे ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। हंगामा होने पर वधुपक्ष ने वरपक्ष खाना-पानी तक न देते हुए अपनी पूरी बारात को बंधक बना लिया। दुल्हन चांदनी ने कहा कि उसके माता-पिता ने उसे उसकी आर्थिक स्थिति के अनुसार दहेज दिया। लेकिन बारात के आने के बाद शराब के नशे में दूल्हे ने शादी के वक्त चार पहिया वाहन की मांग की और झगड़ने लगा। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर आप कार नहीं देंगे तो हम जानबूझ कर दुल्हन को मार देंगे। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया और दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।
आपको बता दें कि रात भर बंधक बनाए जाने के बाद दूल्हे ने अलीगढ़ की पूर्व मेयर शकुंतला भारती को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने एसपी को फोन कर शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधक बारातियों को आजाद कराया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने बैठकर बात की जिसमें छह लाख रुपये दहेज वापस करने पर सहमति बनी। एक व्यक्ति को पैसे लेने मुरादाबाद भेजा गया। फिर बारात लुतलमन वापस चली गई। हालांकि दूल्हा और उसका परिवार अभी भी अलीगढ़ में ही रह रहा है।