पंजाब : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की 'द ग्रेट खली' से मुलाकात, खली को लेकर अटकलों का बाजार गर्म

पंजाब : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की 'द ग्रेट खली' से मुलाकात, खली को लेकर अटकलों का बाजार गर्म

ग्रेट खली ने दिल्ली के विकास मॉडल की तारीफ की, पंजाब में जल्द ही होने है चुनाव, ऐसे में खली और केजरीवाल की मुलाकात के निकाले जा रहे है कई अर्थ

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) स्टार दी ग्रेट खली उर्फ दिलीप सिंह राणा से मुलाकात की। अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर अपनी मुलाकात की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि खली को दिल्ली सरकार का काम पसंद आया। ऐसे में अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही द ग्रेट खली भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक के दौरान उन्होंने न केवल दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कामकाज की प्रशंसा की, बल्कि भविष्य की सरकारों के प्रयासों में मदद करने की इच्छा भी व्यक्त की।
आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और खली की मुलाकात के दौरान दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह भी मौजूद रहे। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, "आज मैं एक पहलवान द ग्रेट खली से मिला, जिसने भारत को पूरी दुनिया में प्रसिद्ध किया। दिल्ली में बिजली, पानी, स्कूल और अस्पताल पर किया गया काम उन्हें पसंद आया। अब यह सारा काम हमें पंजाब में भी करना है। हम सब मिलकर पंजाब को बदलेंगे।' वहीं दिल्ली सरकार की ओर से एक बयान में कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल से बात करते हुए ग्रेट खली ने दिल्ली के विकास मॉडल की तुलना देश के अन्य हिस्सों से की और कहा कि दिल्ली में इस तरह के कार्यों को देखकर उन्हें गर्व होता है और वो समाज की बेहतरी के लिए केजरीवाल सरकार को हर संभव तरीके से समर्थन देने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि पंजाब में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अरविंद केजरीवाल की पार्टी अपनी ताकत बढ़ा रही है। पंजाब के ग्रेट खली युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक में क्या चर्चा हुई, इस बारे में अभी तक ग्रेट खली की ओर से कोई बयान नहीं आया है। आपको बता दें कि कुछ महीने पहले ग्रेट खली ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात की थी। उस समय स्थानीय मीडिया में अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। अब ये देखना अहम होगा कि खली किसी पार्टी में शामिल होते हैं या नहीं।
Tags: Punjab