महाराष्ट्र : जब एक ही महिला को तीन बार दे दी गई कोरोना वैक्सीन

महिला की हालत फिलहाल स्थिर, भाजपा विधायक ने की जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग

देश भर में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है। हालांकि इसी बीच वैक्सीनेशन के कार्यक्रम के दौरान एक विचित्र और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें एक ही महिला को एक साथ कोरोना वैक्सीन के तीन डोज़ दे दिये गए। महाराष्ट्र के ठाणे महानगरपालिका के आनंद वैक्सीनेशन केंद्र से सामने आई इस हैरान कर देने वाली घटना में वैक्सीन लेने गई एक 28 वर्षीय महिला को वैक्सीन के तीन डोज़ दिये गए होने की जानकारी सामने आई है। 
हालांकि इस गंभीर लापरवाही के बाद भी महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है। महिला को फिलहाल डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल की इस गंभीर लापरवाही के चलते भाजपा ने भी जिम्मेदार कार्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। नगर निगम ने भी एक समिति की रचना कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी होने की जानकारी दी है। 
विस्तृत जानकारी के अनुसार, ठाणे के आनंदनगर में 25 जून की दोपहर को वैक्सीन लेने गई थी। जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला को एक साथ वैक्सीन के तीन डोज़ दे दिये। इस घटना से महिला काफी घबरा गई और वह किसी तरह अपने घर चली आई। घर आते ही महिला ने इस बात की जानकारी अपने पति को दी। जिसके चलते यह बात स्थानीय नगरसेविका के माध्हयम से संबंधित स्वास्थय केंद्र के अधिकारियों के पास पहुंची। पर उनकी तरफ से कोई संतोषपूर्ण जवाब नहीं मिला।
अस्पताल के कर्मचारियों की इस तरह की लापरवाही के चलते ठाणे भाजपा ने महानगर पालिका और डॉक्टरों पर लापवाही का आरोप लगाया है। भाजपा विधायक ने इस घटना के लिए कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।