स्वतंत्रता दिवस पर ब्रिटेन पहुंचे विवेक ओबरॉय ने जो किया, उसने देशवासियों का मन मोह लिया

स्वतंत्रता दिवस पर ब्रिटेन पहुंचे विवेक ओबरॉय ने जो किया, उसने देशवासियों का मन मोह लिया

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अभिनेता विवेक ओबरॉय ने ब्रिटिश संसद के सामने तिरंगा लहराकर आजादी के महत्व को बताया

कल देशभर में भारत की स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। देश ही क्या विदेश में भी भारतीय स्वतंत्रता दिवस का उत्सव देखा गया। सेलेब्रिटी से लेकर आम आदमी, हर कोई आजादी के अमृत महोत्सव को अपने ही अंदाज में सेलिब्रेट किया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अभिनेता विवेक ओबरॉय ने कुछ ऐसा किया जिसने भारतीय लोगों को मोह लिया। ब्रिटेन पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबरॉय ने ब्रिटिश संसद के सामने तिरंगा लहराकर आजादी के असली मायने हमें बता दिए।
आपको बता दें कि अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विवेक ओबरॉय ने वीडियो शेयर किया जिसमें वो ब्रिटिश संसद के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में विवेक बता रहे हैं- 'एक जमाना था कि जब हम हिंदुस्तान में ही अपना झंडा नहीं लहरा सकते थे और आज हमारे शहीदों की शहादत उनकी कुर्बानी की वजह से हर भारतीय कहीं भी गर्व से दुनिया के किसी भी देश में तिंरगा लहरा सकता है।'इस वीडियो में विवेक ओबरॉय अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ नजर आ रहे हैं और सभी हाथ में तिरंगा लेकर उसे शान से विदेशी धरती पर लहरा रहे हैं। 
गौरतलब है कि इस वीडियो के साथ विवेक ओबेरॉय ने कैप्शन में लिखा, सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा। कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम कहां हैं, हम किससे मिलते हैं, हम कैसे रहते हैं, हम अपनी भारतीय जड़ों को कभी नहीं भूल सकते। एक विदेशी भूमि में अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाना और तिरंगा फहराते हुए अपने परिवार के साथ गर्व से झूमना! जय हिन्द। सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई ! लेहरा दो।' सोशल मीडिया पर विवेक ओबेरॉय का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है ।पूरे बॉलीवुड में इस वक्त आजादी के इस पर्व की रौनक और धूम देखने को मिली।