मोदी कैबिनेट 2.0 : नए मंत्रिमंडल में 5 अल्पसंख्यक और 27 ओबीसी नेता होंगे शामिल

मोदी कैबिनेट 2.0 : नए मंत्रिमंडल में 5 अल्पसंख्यक और 27 ओबीसी नेता होंगे शामिल

रविशंकर, जावडेकर, हर्षवर्धन, निशंक सहित 12 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)| मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले बड़े फेरबदल से पहले 43 नेताओं की पूरी सूची सामने आई है, जिनके बुधवार शाम को शपथ लेने की संभावना है। कैबिनेट में शामिल होने वाले इन दिग्गजों की सामाजिक पृष्ठभूमि पर गौर करें तो इनमें पांच अल्पसंख्यक मंत्री शामिल हैं, जिनमें एक मुस्लिम, एक सिख, दो बौद्ध और एक ईसाई शामिल है।
इसके साथ ही इनमें 27 ओबीसी मंत्री शामिल हैं, जिनमें पांच कैबिनेट रैंक के मंत्री होंगे। इसके अलावा कैबिनेट में आठ अनुसूचित जनजाति (एसटी) मंत्री होंग, जिनमें तीन कैबिनेट रैंक के मंत्री होंगे। वहीं मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के 12 मंत्री शामिल होंगे, जिनमें से दो मंत्रियों को कैबिनेट रैंक प्राप्त होगा। अगर मंत्रिमंडल में शामिल नेताओं की उम्र पर गौर करें मंत्रिमंडल की औसत आयु 58 वर्ष होगी। इसमें 50 वर्ष से नीचे के 14 मंत्री शामिल होंगे। मंत्रिपरिषद में 11 महिलाएं, दो कैबिनेट रैंक के साथ शामिल होने की उम्मीद है।
नरेंद्र मोदी सरकार में बड़ा फेरबदल हुआ है। चार वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों सहित 12 को इस्तीफा देना पड़ा है। राष्ट्रपति कार्यालय की सूचना के मुताबिक, कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर, थावरचंद गहलोत, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन श्रम मंत्री संतोष गंगवार, बाबुल सुप्रियो, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी, केंद्रीय राज्य मंत्री देबश्री चौधरी ने इस्तीफा दिया है। सूत्रों का कहना है कि मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने वाले मंत्रियों को संगठन में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। कुछ को आगे चलकर राज्यपाल बनाया जा सकता है।(Disclaimer: यह खबर सीधे समाचार एजेंसी की सिंडीकेट फीड से पब्लिश हुई है। इसे लोकतेज टीम ने संपादित नहीं किया है।)