प्रेरणादायक कहानी : 20 साल से पिता करते हैं पेट्रोल पंप पर काम, बेटी ने क्रैक किया आईआईटी

प्रेरणादायक कहानी : 20 साल से पिता करते हैं पेट्रोल पंप पर काम, बेटी ने क्रैक किया आईआईटी

पेट्रोल पंप पर काम करने वाले पिता की बेटी को मिला आईआईटी कानपुर में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन में दाखिला

हिंदी के एक बड़े कवि दुष्यंत कुमार ने बहुत पहले लिखा है “कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारों!” आज इस वाक्य को सही सिद्ध किया है पेट्रोल पंप पर काम करने वाले श्री राजगोपालन और उनकी बेटी ने। पिता पेट्रोल पंप पर काम करते हैं और लड़की ने आईआईटी कानपुर में परचम लहरा दिया है। आर्या राजगोपाल नाम की इस लड़की को आईआईटी कानपुर में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन में दाखिला मिल गया है। आर्या को उसकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए उसके पिता श्री राजगोपाल पिछले 20 साल से पेट्रोल पंप पर काम कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी आर्या की उपलब्धि को न्यू इंडिया और उनके पिता के लिए रोल मॉडल बताया है।
आपको बता दें कि केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आर्या और उनके पिता श्री राजगोपालन की तस्वीर के साथ ट्वीट किया। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, "यह दिल को छू लेने वाली खबर है। आर्या राजगोपाल ने अपने पिता श्री राजगोपालन के साथ-साथ देश के ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को इस सफलता पर गौरवान्वित किया है। यह पिता-पुत्री की जोड़ी सभी के लिए एक आदर्श है। हमें और हमें इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।"
वहीं आईओसीएल के अध्यक्ष श्रीकांत माधव वैद्य ने भी आर्या और उनके पिता श्री राजगोपालन की एक तस्वीर अपने ट्विटर पर पोस्ट की है और शुभकामनाएं भेजी हैं। उन्होंने ट्वीट किया, "आज मैं आपके साथ आर्या की सफलता की कहानी साझा करूंगा। उनके पिता श्री राजगोपालन इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। आर्या ने आईआईटी कानपुर में प्रवेश लेकर हमें गौरवान्वित किया है। आर्या को हमारी शुभकामनाएं।"
इसके अलावा तमाम लोगों ने आर्या राजगोपाल की इस सफलता को शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी है। 'द बेटर इंडिया' ने अपनी एक रिपोर्ट में लिखा है कि आर्या राजगोपाल की कहानी सिर्फ अकादमिक सफलता ही नहीं बल्कि धैर्य और दृढ़ संकल्प की भी कहानी है। उनके पिता पिछले 20 वर्षों से पेट्रोल पंप पर लगातार काम कर रहे हैं ताकि उनकी बेटी का भविष्य उज्जवल हो सके। जैसे ही आर्या राजगोपाल की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हुई तमाम लोग इसे शेयर करने लगे और आर्या के बारे में खोजने लगे। हालांकि अभी तक इतनी ही जानकारी आर्या राजगोपाल के बारे में सामने आई है।