
टोक्यो ओलंपिक 2020 : देश का नाम रोशन कर स्वदेश लौटे भारतीय खिलाड़ी
By Loktej
On
इस बार ओलंपिक में सबसे बढ़िया प्रदर्शन करते हुए भारत ने जीते 7 मेडल, सभी खिलाड़ियों का शाम को होना है सम्मान
टोक्यो ओलंपिक में देश का नाम रोशन करके और अपने अपने खेल में शानदार जीत हासिल कर भारतीय एथलीट स्वदेश लौट चुके हैं। स्वदेश वापसी के लिए सभी खिलाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया है। साथ ही खिलाड़ियों की जीत और जज़्बे का जश्न मनाने के लिए दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
आपको बता दें कि टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए अहम पदक जीतकर खिलाड़ी स्वदेश लौटे। टोक्यो से वे सीधे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से उन्हें अशोका होटल ले जाया गया जहां शाम उनके सम्मान के लिए एक समारोह आयोजित किया गया है।
गौरतलब है कि इस बार के टोक्यो ओलंपिक में भारत ने 7 मेडल जीते हैं, जो ओलंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले भारत ने 2012 के लंदन ओलंपिक में छह पदक जीते थे। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 7 मेडल अपने नाम किए. भारत ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ ओलंपिक का समापन किया है। इस बार भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने देश को स्वर्ण पदक दिलाया है। इनके अलावा भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और पहलवान रवि दहिया ने टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, बॉक्सिंग में भारत की लवलीना बोरगोहेन,पहलवान बजरंग पूनिया और भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते इस बार ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।