
सूरत : दक्षिण गुजरात सहित राज्य में 28 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना
By Loktej
On
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है
अहमदाबाद में तापमान 7 डिग्री से नीचे चला जाएगा।
राज्य में ठंडी को लेकर मौसम विज्ञानी अंकित पटेल ने कहा कि उत्तर पूर्वीय राज्यों में तथा पश्चिमी विक्षोभ सर्जित होने से "23 से 28 जनवरी तक पूरे राज्य में ठंडी का जोर बढ़ेगा। जिसके कारण समग्र राज्य में ठंडी का पारा 10 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। इसके साथ ही 10 साल बाद अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाएगा।
23 जनवरी से 28 जनवरी तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। राज्य भर में न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री के नीचे आने की संभावना है। वहीं अहमदाबाद, गांधीनगर में भी 7 डिग्री तापमान रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गुजरात में रिकॉर्ड तोड़ ठंड का अनुमान जताया है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 23 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद मौसम में बदलाव होगा। साथ ही दो से तीन दिन का पारा 7 से 8 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ सकता है। जबकि अहमदाबाद समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और शीतलहर की वापसी होगी। खासकर कच्छ और उत्तरी गुजरात में कड़ाके की ठंड पड़ने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद, जैसे ही बादल साफ होते हैं और आसमान साफ होता है, ठंडी हवाएं सीधे जमीन पर चलेंगी, जिससे तापमान में अचानक गिरावट आएगी और कातिल ठंड पड़ेगी।
अगले पांच दिनों के लिए कच्छ और सौराष्ट्र के तटों पर भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है। जखौ, मांडवी, मुंद्रा, न्यू कांडला, नवलखी, जामनगर, सलाया, ओखा और पोरबंदर के तटीय इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है। जबकि बेटद्वारका, वेरावल, दीव, जाफराबाद,पीपावाव, विक्टर, भावनगर, अलंग, भरूच, दहेज, मगदल्ला और दमन समुद्र तटों के लिए मछुआरों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
Tags: