सूरत कांग्रेस कार्यालय का प्रोपर्टी टैक्स बकाया, पालिका ने नोटिस चस्पा किया

सूरत कांग्रेस कार्यालय का प्रोपर्टी टैक्स बकाया, पालिका ने नोटिस चस्पा किया

दो लाख से अधिक की राशि बकाया, नोटिस में कहा गया - टैक्स नहीं भरा तो कार्यालय सील होगा, कांग्रेस का चुनाव में भी लचर प्रदर्शन

एक ओर कांग्रेस पार्टी चुनाव में खराब प्रदर्शन कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी की आर्थिक स्थिति भी लचर नजर आ रही है।  सूरत कांग्रेस कार्यालय ने बीते कई वर्षों से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा है जिसके चलते महानगर पालिका ने उसे 2,89,000 रूपए का टैक्स चुकाने का नोटिस चस्पा कर दिया है। यदि समय पर टैक्स नहीं चुकाया गया तो इस कार्यालय को सील लगा दिया जाएगा, ऐसी बात कही गई है। बता दें कि हाल में संपन्न स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा और पालिका में खाता भी नहीं खुल पाया। 
बिती टर्म में जीती थीं ३० सीटें, इस बार शून्य
कांग्रेस पार्टी ने बीते साल चुनाव में जहां पर 30 से अधिक सीटें हासिल की थी, वहां इस बार आम आदमी पार्टी को सफलता मिली है। दूसरी ओर सूरत महानगर पालिका ने टैक्स वसूलने के लिए सख्त कार्यवाही शुरू की है और जो लोग टैक्स नहीं चुका रहे हैं, उन्हें नोटिस भेजकर उनकी संपत्ति जब्त की जा रही है। सूरत शहर कांग्रेस की मकाईपुल के पास स्थित ऑफिस का कई वर्षों से टैक्स नहीं भरा गया है। ब्याज- पेनल्टी के साथ यह रकम लाखों तक पहुंच गई है। सूरत में मतदाताओं का विश्वास खो चुकी कोंग्रस पार्टी की आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई हो ऐसा नजर आ रहा है। 
पार्टी के शीर्ष के नेता जिम्मेदार होने की भुनभुनाहट
सूरत महानगर पालिका ने कांग्रेस के कार्यालय के गेट पर नोटिस चिपका दिया है। जिसमें लिखा है कि यदि समय पर टैक्स नहीं चुकाया गया तो पालिका कार्यालय को सील कर देगा। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता अब तक  कॉर्पोरेटर के तौर पर चुने गए थे और सुशासन की तथा नियम कानून की बात कर रहे थे लेकिन, यहां पर खुद कांग्रेस पार्टी ही उल्लंघन कर रही है। लोकचर्चा है कि  कांग्रेस के शीर्ष के नेताओं की कमजोर नीतियों के चलते पार्टी को यह दिन देखना पड़ रहा है। 
Tags: Congress