कई लोग डूबते जहाज कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने आ रहे हैं लेकिन हमारे यहां जगह नहीं : गणपत वसावा

कई लोग डूबते जहाज कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने आ रहे हैं लेकिन हमारे यहां जगह नहीं : गणपत वसावा

गुजरात में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है। नेताओं का पार्टी बदलना भी जारी है। आम आदमी पार्टी के रूप में नया राजनीतिक दल भी अपनी जमीन तलाशने की भरसक कोशिश कर रहा है। वहीं प्रदेश के भाजपा के वरिष्ठ नेता गणपत वसावा ने कांग्रेस को एक डूबता जहाज करार दे दिया है।
गणपत वसावा ने एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए कहा की अनेक लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ रहे हैं। हमें मना करना पड़ता है कि हमारे यहां जगह नहीं है। आखिर में हार्दिक पटेल भी आने लगे हैं। कांग्रेस एक डूबता जहाज है। पूरे देश ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा रखा है। वसावा ने विश्वास व्यक्त किया कि इसी वर्ष 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटों पर केसरिया लहराएगा।
हार्दिक पटेल
वैसे हार्दिक पटेल ने कांग्रेस छोड़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी या अन्य किसी दल का दामन थामा तो नहीं है लेकिन त्यागपत्र में जो भाषा का प्रयोग उन्होंने किया है उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उनका झुकाव भाजपा की ओर है। अब वह कब भाजपा ज्वाइन करते हैं इसका इंतजार करना होगा। फिलहाल तो हार्दिक पटेल कांग्रेस को छोड़ने के बाद उस पर प्रहार करने का कोई अवसर नहीं चूक रहे हैं।