आदिवासी समाज में शादी से पहले लिव-इन-रिलेशनशीप में रहना असामान्य बात नहीं होती
गुजरात के कपराड़ा तहसील के नानापोंढा गांव में आगामी 9 मई, 2022 के दिन एक अनोखी शादी होने जा रही है। शादी को तो अभी सप्ताह भर बाकी है लेकिन यह शादी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। इस प्रसंग के वायरल होने का सबसे बड़ा कारण यह है कि शादी के अवसर पर जो निमंत्रण पत्रिका छपवाई गई है उसमें दूल्हा तो एक है लेकिन दो दुल्हनों का नाम लिखा हुआ है। बस, सोशल मीडिया पर यह लग्न पत्रिका एक के बाद एक लोग फॉरवर्ड करते जा रहे हैँ और जिस दूल्हे राजा की शादी है वह तो मानो हीरो बन गया है।
इस घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताएं तो नानापोंढा गांव में रहने वाला प्रकाश गावित पिछले 10 वर्षों से अपने ही गांव की नयना और पास के नानी वाहियाल गांव की कुसुम के साथ प्रेम संबंध के बाद एक साथ एक ही घर में पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। आपको बता दें कि आदिवासी समाज में आमतौर पर युवक-युवती शादी से पहले ही लंबे समय तक साथ रहते हैं और आर्थिक सुलभता होने पर औपचारिक रूप से ब्याह रचाते हैं।प्रतिकारात्मक तस्वीर
यानी यूं कह लीजिए कि पश्चिमी सभ्यता में मर्द और औरत के लीव इन रिलेशनशिप में रहने की रस्म के चर्चे हम सुनते रहते हैं। लेकिन हमारे यहां आदिवासी समाज में युवक-युवतियों का लिव इन रिलेशनशिप में रहना कोई नई बात नहीं है। हालांकि बहुतया देखा गया है कि इस प्रकार आदिवासी समाज में लिव-इन में रहने वाले युवक-युवती समय रहते ब्याह रचा ही लेते हैं। इसी क्रम में इस पूरे प्रसंग के जो चेहरे हैं, वे नानापोंढा का युवक प्रकाश गावित और उसकी दो प्रेमिकाएं नयना और कुसुम की शादी 9 मई को निश्चित हुई है। यानी एक ही मंडप में प्रकाश, नयना और कुसुम के सात फेरे लेगा।
ज्ञातव्य है कि 2 वर्ष पहले गुजरात के ही वापी शहर में एक स्थानीय कंपनी में काम करने वाले युवक ने दहानू-बोर्डी में इसी प्रकार एक ही लग्न मंडप में 2 कन्याओं के साथ ब्याह रचाया था। उस वक्त भी उस शादी के निमंत्रण पत्र की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। अब नानापोंढा में एक और इसी प्रकार की शादी होने जा रही है।
जैसा कि पहले यहां बताया गया है कि आदिवासी समाज में इस प्रकार शादी से पहले लिव इन रिलेशनशिप एक पुरानी परंपरा रही है। साथ रहने वाले युवक युवती आर्थिक सुलभता के उपरांत कभी-कभी तो बच्चा हो जाने के पश्चात या कभी-कभी समूह लग्न समारोहों में भी एक दूसरे से ब्याह रचाने की रस्म पूरी कर लेते हैं। ऐसा भी देखा गया है कि शादी के फेरे ले रहे आदिवासी युवक युवती अपनी गोद में बच्चे लेकर भी नजर आते हैं। एक स्थानीय गुजराती समाचार चैनल ने इस घटनाक्रम की पुष्टि के लिये नानापोंढा जाकर दुल्हे से बात की (बातचीत गुजराती में है)।
दुल्हे प्रकाश के साथ बातचीत के दौरान सुना जा सकता है कि वह कह रहा है कि उसकी शादी दो में से एक दुल्हन के साथ पहले ही हो चुकी है। अब वह ९ मई को दूसरी दुल्हन के साथ ब्याह रचायेगा। लेकिन पहली दुल्हन को बुरा न लगे इसलिये उसने दोनों के नाम पत्रिका में छपवाये हैं। रिपोर्टर द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या दूसरी दुल्हन के घर आने पर पहली दुल्हन को बुरा नहीं लगेगा, तो उसने स्पष्ट किया कि वह कई वर्षों से दोनों के साथ ही रह रहा है। प्रकाश के स्वर से झलक रहा है कि जब से उसकी लग्न पत्रिका वायरल हो गई है, उसने किसी कानूनी अड़चन न आये इसलिये सुरक्षात्मक रूख अख्त्यार कर लिया है। खैर, कई लोगों के लिए यह बात नई और लीक से हटकर प्रतीत हो रही है और इसीलिए लोग चटखारे लेकर इस 9 मई को होने वाली शादी के बारे में बातें कर रहे हैं।