
वलसाड़ : विवाहित महिला को अगवा कर तीन लोगों ने किया उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म
By Loktej
On
थम नहीं रहे महिलाओं पर अत्याचार के मामले, घर से अस्पताल निकली महिला को रास्ते में किया अगवा
राज्य में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा लग रहा है जैसे अपराधियों को पुलिस और कानून व्यवस्था की परवाह ही नहीं है। आये दिन सामने आ रहे ऐसे अपराधिक मामले अब चिंता का विषय बन गए हैं। प्रदेश में आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में वलसाड के उमरगाम में एक बार फिर दुष्कर्म की घटना सामने आई है। जिसमें तीन लोगों ने एक विवाहिता का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार वलसाड के उमरगाम में एक विवाहिता अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान 3 लोगों ने सरिगम के पास महिला को अगवा कर लिया। बाद में इन बदमाशों ने महिला पर अत्याचार किए। घटना की सूचना भिलाड पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस काम पर लग गयी और थोड़े ही समय में पुलिस ने महिला को अपहरणकर्ताओं के कब्जे आजाद करा दिया। हालांकि इस दौरान तीनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना जब वलसाड जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई तो वे तत्काल भिलाड पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। और उनके खिलाफ विभिन्न अपराधों के लिए कानूनी कार्रवाई की जा रही है।