मिडसाइज़ एसयूवी सेगमेंट में हुंडई क्रेटा का दबदबा कायम
नई दिल्ली, 02 जुलाई (वेब वार्ता)। भारतीय मिडसाइज़ एसयूवी सेगमेंट में हुंडई क्रेटा का पिछले तीन महीनों से दबदबा कायम है। मार्च से मई 2026 के बीच, हुंडई क्रेटा ने कुल 48,364 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जिसमें हर महीने 15,000 से अधिक यूनिट्स की बिक्री बरकरार रही।
यह उपलब्धि भारत के तेजी से बढ़ते मिडसाइज़ एसयूवी बाजार में क्रेटा की मजबूत पकड़ को दर्शाती है। इसने अपनी धाकड़ परफॉर्मेंस और बिक्री के शानदार आंकड़ों से मारुति सुजुकी विक्टोरिस, ग्रैंड विटारा, किआ सेल्टॉस, टाटा सिएरा और टोयोटा हाइराइडर जैसी प्रमुख एसयूवी को पीछे छोड़ दिया है।
बिक्री के मामले में दूसरे स्थान पर मारुति सुजुकी विक्टोरिस रही, जिसकी तीन महीनों में कुल 35,616 यूनिट्स बिकीं। अप्रैल में इसकी बिक्री सबसे शानदार रही, जब 13,701 यूनिट्स ग्राहकों तक पहुंचीं, हालांकि मई में यह आंकड़ा 10,853 यूनिट्स पर आ गया।
किआ सेल्टॉस ने 32,204 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, और तीनों महीनों में 10,000 से अधिक यूनिट्स की बिक्री को बनाए रखा। चौथे पायदान पर टोयोटा हाइराइडर (27,985 यूनिट्स) और पांचवें पर मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा (23,830 यूनिट्स) रही।
ग्रैंड विटारा ने मई में 9,366 यूनिट्स की बिक्री के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। हाल ही में लॉन्च हुई टाटा सिएरा (आईसीई) ने 22,925 यूनिट्स की बिक्री के साथ छठा स्थान प्राप्त किया।
हालांकि, इसकी मासिक बिक्री में थोड़ी गिरावट देखी गई, लेकिन कुल मिलाकर इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसके बाद स्कोडा कुशाक (5,468 यूनिट्स), रेनो डस्टर (5,028 यूनिट्स), टाटा कर्व (4,685 यूनिट्स) और फॉक्सवैगन टाइगन (3,732 यूनिट्स) ने क्रमशः सातवें से दसवें स्थान पर जगह बनाई।
