राम मंदिर ट्रस्ट: चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा
अयोध्या, 26 जून (वेब वार्ता)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े दान और वित्तीय अनियमितता के आरोपों की जांच के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
माना जा रहा है कि यह फैसला एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों और एफआईआर दर्ज होने और कई सिफारिशों के बाद लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मामले में जांच एजेंसी ने कथित आर्थिक गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई के लिए सख्त सुझाव दिए थे।
इसके बाद ट्रस्ट की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई और प्रकरण में पहली एफआईआर भी दर्ज की गई। एफआईआर में आठ लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।
जांच का दायरा अब कथित लेन-देन, बैंक खातों, संपत्तियों, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों तक पहुंच गया है। एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि दान राशि और उससे जुड़े रिकॉर्ड में किसी तरह की अनियमितता हुई या नहीं।
इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त रुख के बाद जांच में तेजी आने की बात कही जा रही है। ट्रस्ट के दो प्रमुख सदस्यों के इस्तीफे को जांच प्रक्रिया के बीच उठाए गए अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आने वाले दिनों में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।
