नीट-यूजी री-एग्जाम पेपर लीक की खबर निकली फर्जी, एनटीए ने कहा- सुरक्षा के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई परीक्षा

नई दिल्ली, 22 जून (वेब वार्ता)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 री-एग्जामिनेशन को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पेपर लीक के दावों को पूरी तरह से निराधार और फर्जी बताया है।

पीआईबी की फैक्ट-चेक यूनिट ने स्पष्ट किया है कि टेलीग्राम पर पेपर लीक होने का दावा करने वाले वीडियो झूठे हैं। एजेंसी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही सूचनाएं प्राप्त करें।

सफलतापूर्वक संपन्न हुई परीक्षा
एनटीए के अनुसार, रविवार को भारत के 5,440 और विदेश के 14 केंद्रों पर 20 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा दी। परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की गई और एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने पुष्टि की है कि कहीं से भी पेपर लीक की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

एजेंसी ने मनगढ़ंत वीडियो फैलाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेजी से घोषित होंगे नतीजे
एनटीए ने अपनी पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और अखंडता को सुनिश्चित करते हुए इवैल्यूएशन प्रोसेस को जल्द ही शुरू करने का निर्णय लिया है।

एजेंसी ने आश्वासन दिया है कि परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया को सामान्य समय से अधिक तेजी से पूरा किया जाएगा।

स्टूडेंट्स के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए एनटीए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।