फीफा विश्वकप: कतर बनाम स्विट्जरलैंड मुकाबला 1-1 से ड्रा रहा
फ्रांसिस्को बे, 14 जून (वेब वार्ता)। मिरो मुहेम के ‘ओन गोल’ (अपनी ही टीम पर गोल) के कारण फीफा विश्वकप 2026 में ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को स्विट्जरलैंड के खिलाफ एक अंक मिला।
यह मुकाबला 1-1 से ड्रा रहा। शनिवार दोपहर सैन फ्रांसिस्को बे एरिया में खेले गये ग्रुप बी मुकाबले की शुरुआत में कतर को गोल करने का मौका मिला था, जब दूसरे मिनट में मैनुअल अकांजी के फिसलने के बाद एडमिलसन जूनियर अकेले आगे बढ़े। विंगर ने अपना शॉट गोलकीपर कोबेल के बहुत करीब मारा।
स्विट्जरलैंड का दबदबा होने के बावजूद, उसी खिलाड़ी ने हाफ-टाइम से ठीक पहले फिर से खतरा पैदा किया, लेकिन कोबेल ने अपने पैर से बचाव किया।
ऐसा लग रहा था कि ब्रेल एम्बोलो की 17वें मिनट की पेनल्टी ही कतर के खिलाफ निर्णायक साबित होगी, जो पहली बार विदेशी धरती पर वर्ल्ड कप खेल रही थी।
लेकिन सब्स्टीट्यूट मुहेम ने बुआलेम खोखी के दबाव में आकर होमाम अहमद के क्रॉस पर हेडर किया और गेंद अपने ही गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल के पीछे गोल में चली गई। स्विट्जरलैंड ने मैच में 26 बार गोल करने का प्रयास किया था।
मैच के बाद कतर टीम के कोच जूलन लोपेटेगुई ने कहा, “यहां होना ही अपने आप में एक ऐतिहासिक बात थी। आज स्विट्ज़रलैंड के खिलाफ़ एक पॉइंट हासिल करना बहुत अहम है, क्योंकि मेरी नज़र में वे अभी यूरोप की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक हैं। वे बहुत मजबूत टीम हैं।”
स्विट्जरलैंड के कोच मुरात याकिन ने कहा, “हमने जिस तरह से खेला, उसके लिए हमें खुद को दोष देने की कोई जरूरत नहीं है। अगर आप आंकड़े देखें, तो आज हमने 26 शॉट लिए, लेकिन हम गोलकीपर को बस वॉर्म-अप ही करा पाए।
मुझे लगता है कि हमें अपनी सटीकता और अपने भरोसे पर काम करने की जरूरत है। हमने ठीक वैसा ही खेला जैसा मैंने सोचा था। हमने अच्छे मौके बनाए, लेकिन आखिर में हम उतने सटीक नहीं हो पाए।”
