शकीरा और बर्ना बॉय की प्रस्तुति के साथ शुरु हुआ फीफा विश्व कप 2026

शकीरा और बर्ना बॉय की प्रस्तुति के साथ शुरु हुआ फीफा विश्व कप 2026

मेक्सिको सिटी, 12 जून (वार्ता) मशहूर स्टार गायिका शकीरा और बर्ना बॉय के संगीतमय माहौल और रंगबिरंगी रोशनी के बीच फुटबॉल के महाकुंभ फीफा विश्वकप कप 2026 की शुरुआत हुई।

गुरुवार रात मशहूर एस्टाडियो एज़्टेका स्टेडियम में संगीत से भरे एक भव्य समारोह कोलंबियाई स्टार गायिका शकीरा और बर्ना बॉय ने फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट के आगाज़ का माहौल बनाया।

स्टार गायिका शकीरा ने स्टेज पर टूर्नामेंट के आखिकारी गाने ‘दाई दाई’ गाकर समां बांधा, जिसमें नाइजीरियाई म्यूजिक सेंसेशन बर्ना बॉय भी उनके साथ शामिल हुए। उनकी जबरदस्त प्रस्तुति ने खचाखच भरे स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

समारोह की शुरुआत मेक्सिको की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को शानदार ढंग से पेश करते हुए हुई, जिसमें सैकड़ों डांसर्स ने मैदान पर एक साथ मिलकर प्रस्तुति दी।

स्टेडियम के बीचों-बीच वर्ल्ड कप ट्रॉफी का एक विशाल इंस्टॉलेशन लगा था, जिसके चारों ओर रंग, परंपरा और राष्ट्रीय गौरव का जबरदस्त प्रदर्शन किया गया।

स्टेडियम के अंदर का माहौल उस समय और भी जोशपूर्ण हो गया जब मैक्सिकन पॉप रॉक बैंड ‘माना ने लाइव प्रस्तुति दी, जिसे घरेलू दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा। बैंड की परफॉर्मेंस ने समारोह में स्थानीय संगीत की पहचान को शामिल किया।

समारोह में कोलंबियाई सिंगर जे बाल्विन ने शाम को स्टेज संभाला और एक अन्य आर्टिस्ट के साथ अपने मशहूर गानों में से एक पर प्रस्तुति दी। इस समारोह में लैटिन अमेरिकी और अफ्रीकी संगीत का बेहतरीन संगम देखने को मिला।

शाम को इससे पहले, हिस्सा लेने वाली टीमें स्टेडियम पहुंचने लगी थीं, दक्षिण अफ्रीका और मेजबान मेक्सिको सबसे पहले पहुंचने वाली टीमों में शामिल थे। आधिकारिक शुरुआत से पहले ही स्टेडियम के स्टैंड्स हरे और चमकीले रंगों से भरे हुए थे और दर्शकों में ज़बरदस्त उत्साह था।

इस समारोह के साथ तीन मेजबान देशों मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा में 48 टीमों के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट के साथ ही वर्ल्ड कप के एक ऐतिहासिक संस्करण की आधिकारिक शुरुआत हुई।