सूरत : डुमस सी-फेस का समय बढ़ा, अब रात 8 बजे तक उठा सकेंगे समुद्री सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का आनंद

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सूरत मनपा का निर्णय; सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा खुला

सूरत : डुमस सी-फेस का समय बढ़ा, अब रात 8 बजे तक उठा सकेंगे समुद्री सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का आनंद

सूरत। सूरत शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने डुमास सी-फेस में पर्यटकों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने इसके संचालन समय में एक घंटे की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है।

गत 8 मार्च 2026 को आम जनता के लिए खोले गए डुमस सी-फेस प्रोजेक्ट (ज़ोन-1, पैकेज-1) को शहरवासियों और पर्यटकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी उम्र के लोग विभिन्न आधुनिक सुविधाओं और मनोरंजन स्थलों का आनंद ले रहे हैं।

परियोजना में विकसित किए गए दरिया गणेश रोड, किड्स प्ले एरिया, प्रोमेनेड, वॉक-वे, साइकिल ट्रैक और वॉरशिप प्लाजा जैसे आकर्षण विशेष रूप से लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। सप्ताहांत और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

पर्यटकों को समुद्र तट के प्राकृतिक वातावरण में अधिक समय बिताने और उपलब्ध सुविधाओं का भरपूर लाभ लेने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से मनपा प्रशासन ने डुमास सी-फेस के समय में बदलाव किया है।

पहले यह स्थल सुबह 6:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक खुला रहता था, जबकि अब इसे सुबह 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रखा जाएगा।

मनपा अधिकारियों के अनुसार, समय बढ़ाने का निर्णय विशेष रूप से शाम और रात्रि के समय आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि लोग समुद्र किनारे के मनोरम वातावरण और ठंडी हवाओं का अधिक समय तक आनंद ले सकें।

इस निर्णय से आने वाले दिनों में डुमास सी-फेस पर पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

Tags: Surat