सूरत : फोस्टा चुनाव के लिए 42 नामांकन पत्र दाखिल
41 निदेशक पदों के लिए 42 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, 9 जून को होगी जांच
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के आगामी चुनाव के लिए रविवार, 8 जून 2026 को नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुई इस प्रक्रिया के दौरान विभिन्न श्रेणियों से कुल 42 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
चुनाव अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लेटिनम श्रेणी से 21, डायमंड श्रेणी से 13 तथा गोल्ड श्रेणी से 8 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। कुल 41 निदेशक पदों के मुकाबले 42 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है।
प्लेटिनम श्रेणी में 21, डायमंड श्रेणी में 13 पदों के सामने उतने ही नामांकन मिले है केवल गोल्ड श्रेणी में 7 पदों के सामने 8 नामांकन प्राप्त हुए है।
नामांकन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी अशोक जैन, बृजमोहन अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल की उपस्थिति और निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 9 जून, मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद शाम 6 बजे फोस्टा कार्यालय में वैध उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
उम्मीदवारों को 13 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। इसके पश्चात अंतिम उम्मीदवार सूची जारी की जाएगी।
यदि आवश्यक हुआ तो 20 जून 2026, शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रिंग रोड स्थित मिलेनियम मार्केट में मतदान कराया जाएगा।
