वडोदरा : दहेज अदाणी पोर्ट साइडिंग से लातूर के लिए पहली उर्वरक रेक लोडिंग  

वडोदरा मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धि

वडोदरा : दहेज अदाणी पोर्ट साइडिंग से लातूर के लिए पहली उर्वरक रेक लोडिंग  

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए दहेज अदाणी पोर्ट साइडिंग से लातूर के लिए पहली मिनी बीसीएन (BCN) उर्वरक रेक का सफल लदान किया। दहेज अदाणी पोर्ट साइडिंग अब तक मुख्य रूप से कोयला लदान केंद्र के रूप में जानी जाती रही है। ऐसे में यहां से पहली बार उर्वरक की लोडिंग होना मंडल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के कुशल नेतृत्व में यह कदम उपलब्ध अवसंरचना के अधिकतम उपयोग तथा नए माल यातायात को आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस उपलब्धि की नींव दिसंबर 2025 में मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के साइडिंग निरीक्षण के दौरान रखी गई थी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान साइडिंग की क्षमता का बेहतर उपयोग करते हुए नए प्रकार के माल यातायात को आकर्षित करने पर विस्तृत चर्चा की। इसी क्रम में कोयला साइडिंग से उर्वरक लदान शुरू करने का निर्णय लिया गया, जिसने आज वास्तविक रूप ले लिया।

पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 04 जून 2026 को दहेज अदाणी पोर्ट से लातूर के लिए प्रेषित इस पहली उर्वरक रेक में 21 वैगनों वाली एक मिनी बीसीएन (BCN) उर्वरक रेक का उपयोग किया गया। यह रेक लगभग 926 किलोमीटर की दूरी तय करेगी तथा इस परिवहन से मंडल रेलवे को लगभग रु.20.54 लाख का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा। आयातित उर्वरक की यह खेप कृषि क्षेत्र की आवश्यकताओं को समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

लातूर के लिए पहली उर्वरक रेक का सफल प्रेषण न केवल वडोदरा मंडल की व्यावसायिक दूरदृष्टि और नवाचार को दर्शाता है, बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि मौजूदा रेलवे परिसंपत्तियों का उपयोग कर नए व्यापारिक अवसरों का सृजन किया जा सकता है। यह उपलब्धि दहेज अदाणी पोर्ट साइडिंग के लिए एक नई शुरुआत है और भविष्य में विभिन्न प्रकार के माल यातायात को आकर्षित करने की असीम संभावनाओं के द्वार खोलती है। वडोदरा मंडल ग्राहकों को बेहतर माल परिवहन सेवाएं प्रदान करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा रेलवे के माल व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Tags: Vadodara